गाजियाबाद में जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़, खूफिया जानकारी कर रहे थे इकट्ठा; महिला समेत 6 गिरफ्तार
गाजियाबाद के कौशांबी थाना पुलिस ने संवेदनशील स्थानों के वीडियो और फोटो बनाकर विदेश में बैठे लोगों को भेजने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गाजियाबाद के कौशांबी थाना पुलिस ने संवेदनशील स्थानों के वीडियो और फोटो बनाकर विदेश में बैठे लोगों को भेजने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे आठ मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी युवाओं को पैसे का लालच देकर ऐसे काम के लिए जोड़ते थे। पुलिस के मुताबिक 14 मार्च को सूचना मिली थी कि भोवापुर में रहने वाले कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। वे रेलवे स्टेशन और सुरक्षा बलों के ठिकानों के वीडियो बनाकर कुछ लोगों को भेजते हैं। पुलिस ने भोवापुर टी प्वाइंट के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के आधार पर एक अन्य आरोपी महिला को आनंद विहार बॉर्डर के पास से पकड़ा गया है। एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मेरठ निवासी सुहेल मलिक उर्फ रोमियो, साने इरम उर्फ महक निवासी संभल, प्रवीन निवासी भोवापुर, राज वाल्मीकि निवासी औरैया हाल निवासी भोवापुर, शिवा वाल्मीकि निवासी बदायूं हाल निवासी भोवापुर और रितिक गंगवार निवासी शाहजहांपुर हाल निवासी भोवापुर हैं। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152, 61(2) और शासकीय गुप्त अधिनियम की धारा 3/5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मोबाइल में मिले संवेदनशील स्थानों के वीडियो
एडिशनल सीपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सुहेल मलिक उर्फ रोमियो है। बाकी पांचों फोटो-वीडियो सुहेल को भेजते थे। उसके मोबाइल की जांच में रेलवे स्टेशनों और सुरक्षा बलों से जुड़े स्थानों की फोटो और वीडियो मिले हैं। इसके अलावा मोबाइल में आपत्तिजनक सामग्री और लोकेशन से जुड़ी जानकारी भी मिली है। सभी आरोपियों के मोबाइल फोन में विदेशी नंबरों से हुई चैट के साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस इन चैट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पैसे का लालच देकर जोड़ते थे युवक
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फोन पर चैट के माध्यम से लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों की फोटो और वीडियो बनाकर भेजने के लिए तैयार करते थे। इसके बदले अधिक पैसे मिलने का लालच दिया जाता था। इसी तरह वे अन्य युवाओं को भी अपने साथ जोड़ते थे। आरोपी लगातार अपना गिरोह बढ़ा रहे थे, जिसकी भनक आसपास के लोगों को लगी और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गतिविधियां देश की सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव के लिए खतरा पैदा कर सकती थीं।
मोबाइब फॉरेंसिक जांच को भेजे जाएंगे
पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि इन्हीं मोबाइल के जरिए फोटो और वीडियो बनाकर भेजे जाते थे। बरामद मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है ताकि चैट, लोकेशन और संपर्कों की पूरी जानकारी मिल सके।
नाहल में एटीएस कार्रवाई के बाद बढ़ी सतर्कता
हाल ही में गाजियाबाद के नाहल क्षेत्र से एटीएस ने भी छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई के बाद से सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस पहले से ज्यादा सतर्क हैं। कौशांबी थानाक्षेत्र से पकड़े गए आरोपियों के बारे में पुलिस पूरी जानकारी खंगाल रही है। आशंका है कि इनका एटीएस द्वारा पकड़े गए आरोपियों से भी संपर्क था। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।




साइन इन