बेटी ने दूसरे धर्म में शादी की तो दामाद को मारकर जमीन में गाड़ा, गाजियाबाद में दिल दहलाने वाली वारदात
दस महीने पुराने प्रेम विवाह का प्रतिशोध लेने के लिए ससुर ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए रूह कंपा देने वाली एक वारदात को अंजाम दिया। उसने दामाद का गला घोंटकर शव जमीन में गाड़ दिया। सोमवार रात टीला मोड़ में हुई इस वारदात में ससुर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गाजियाबाद जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दस महीने पुराने प्रेम विवाह का प्रतिशोध लेने के लिए ससुर ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए रूह कंपा देने वाली एक वारदात को अंजाम दिया। उसने दामाद का गला घोंटकर शव जमीन में गाड़ दिया। सोमवार रात टीला मोड़ में हुई इस वारदात में ससुर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, लोनी की गीतांजलि विहार निवासी 32 वर्षीय नितिन कुमार एक निजी स्कूल में पढ़ाते थे। उनके भाई अमित के मुताबिक, बीते साल तक नितिन बागपत के एक कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनात थे। वहां बागपत के पूरनपुर नवादा की रहने वाली मुस्कान पुत्री मेहरुद्दीन पढ़ने के लिए आती थी। धीरे-धीरे नितिन और मुस्कान के बीच दोस्ती हो गई। इसके बाद दोनों ने मई 2025 में शादी कर ली। मृतक के परिजनों का कहना है कि मुस्कान नौ माह की गर्भवती है।
कार से कुचलने का भी आरोप
नितिन के दूसरे भाई अरुण ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि भाई को कार से कुचला गया है। गर्दन के पास इसके निशान हैं। बर्बरता का इसी से पता चल रहा है कि हत्या के बाद उसे सिर के बल जमीन में गाड़ दिया गया। वहीं, पुलिस ने हत्या और एससी-एसटी ऐक्ट में केस दर्ज कर मेहरुद्दीन और उसके भाई आसिफ अली को गिरफ्तार किया गया है। बाकी फरार आरोपियों की भी पुलिस तलाश कर रही है।
समझौते के लिए बुलाया
नितिन और मुस्कान में रविवार को किसी बात पर विवाद हुआ। इस पर मुस्कान मायके चली गई। नितिन के भाई अमित ने बताया, सोमवार शाम मुस्कान के पिता मेहरुद्दीन ने फोन कर समझौते के नाम पर नितिन को बुलाया। नितिन के साथ अमित भी आया। मेहरुद्दीन कार में पहले से दो साथियों के साथ बैठा था। उसने अमित व नितिन को कार में बैठाया और सुनसान स्थान पर ले गया। यहां दूसरी कार में सवार चार और युवक आए और सभी ने नितिन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने अमित के सामने ही नितिन को मार डाला। वह पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे तो भाई गड्ढे में सिर के बल गड़ा मिला।
वाहनों की कतार लगी
मंगलवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद नितिन का शव लेकर परिजन घर के पास पहुंचे और बंथला फ्लाईओवर के पास सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर मौके पर मौजूद लोगों ने आधी सड़क को वाहनों को लिए खोल दिया। शालीमार गार्डन के एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। बाकी की तलाश में तीन टीम लगाई हैं। दिल्ली से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर आगे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन