stabbing in ghaziabad nikah function गाजियाबाद में निकाह के बाद दूल्हा-दुल्हन पक्ष भिड़े, चाकू लगने से चार घायल, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गाजियाबाद में निकाह के बाद दूल्हा-दुल्हन पक्ष भिड़े, चाकू लगने से चार घायल

गाजियाबाद में सोमवार को निकाह के दौरान दूल्हा-दुल्हन पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि चार-पांच अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से बारातियों पर हमला बोल दिया। चार लोग चाकूबाजी में घायल हो गए।

Tue, 31 March 2026 08:26 AMSudhir Jha हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share
गाजियाबाद में निकाह के बाद दूल्हा-दुल्हन पक्ष भिड़े, चाकू लगने से चार घायल

गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र के गरिमा गार्डन स्थित भल्ला फार्म हाउस में सोमवार को निकाह के दौरान दूल्हा-दुल्हन पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि चार-पांच अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से बारातियों पर हमला बोल दिया। हमले में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

बागपत के चांदीनगर क्षेत्र में रहने वाले शहजाद ने बताया कि उनके भाई शादाब की बारात गरिमा गार्डन स्थित भल्ला फार्म हाउस में आई थी। निकाह पूरा होने के बाद दूल्हा-दुल्हन और परिवार वाले एक साथ खाना खा रहे थे। फार्म हाउस के दूसरे हिस्से में लड़की के चचेरे-तहेरे भाई आपस में झगड़ा कर रहे थे।

इस दौरान दूल्हे का भाई इसराइल शोर सुनकर वहां पहुंचा, तभी आरोपियों ने उसके सिर में खाना रखने वाला थाल मार दिया। शोर सुनकर वह अपने भाई इशाक, सोनू और बहन साजिदा के साथ बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोपी इसके बावजूद नहीं रुके और गाली-गलौज करना शुरू कर दी। जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कुछ फार्म हाउस कर्मियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। चाकू रोकते समय उनका हाथ फट गया। भाई इसराइल और सोनू के हाथ में भी चाकू लगा।

वहीं, बहन साजिदा के सिर में भारी-भरकम वस्तु मारकर लहूलुहान कर दिया। झगड़े में बहन के गले में पड़ी सोने की चेन भी टूट गई, जो नहीं मिली। घायल शहजाद की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है। एसीपी शालीमार अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बागपत से बारात आई थी। लड़की पक्ष के चाचा-चाचा आपस में लड़ रहे थे। बीच-बचाव करने बाराती आए तो बारातियों से झगड़ा हो गया। बाराती पक्ष की ओर से महिला समेत तीन मामूली रूप से घायल हैं। तहरीर के आधार पर मामले की जांच चल रही है।

बातचीत के बीच अचानक हुआ हमला

शहजाद ने बताया कि वह अपने भाई और बहन के साथ बीचबचाव करने पहुंचे थे। बात हो रही थी, अचनाक ही कुछ अनजान हमलावर आए और मारपीट करने लगे। जब तक वे कुछ समझ पाते तब तक तो हमलावरों ने धारदार हथियार निकाल लिए थे और हमला करने लगे। इस पर उन्होंने हमले से बचाव किया। अज्ञात हमलावरों के साथ वधु पक्ष के कुछ लोग भी दे रहे थे।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।