दिल्ली के बवाना गैंगवार? गोगी गैंग के गुर्गे की गोली मारकर हत्या, फायरिंग में बच्चे सहित 3 लोग घायल
दिल्ली के बवाना में गुरुवार को किराने की दुकान में घुसे कुछ हथियारबंद लोगों द्वारा की गई कई राउंड फायरिंग में एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई और उसके 55 साल के पिता घायल हो गए। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक राहगीर और 8 साल का एक लड़का भी गोलियों की चपेट में आकर घायल हो गए।

दिल्ली के बवाना में गुरुवार को किराने की दुकान में घुसे कुछ हथियारबंद लोगों द्वारा की गई कई राउंड फायरिंग में एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई और उसके 55 साल के पिता घायल हो गए। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक राहगीर और 8 साल का एक लड़का भी गोलियों की चपेट में आकर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों द्वारा करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलाई गईं।
टाइम्स न्यूज नेटवर्क की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान रवि के रूप में हुई है। पुलिस को शक है कि उसके संबंध गोगी गैंग से थे और उसे विरोधी टिल्लू ताजपुरिया गैंग ने निशाना बनाया था।
लड़के के पैर में हल्का घाव
मृतक रवि के पिता अनिल और वहां से गुजर रहे 46 वर्षीय राजकुमार के पैरों में गोली लगी है। वहीं 8 साल के लड़के के पैर पर गोली का हल्का घाव है। सूत्रों के अनुसार, सभी घायल लोगों की हालत अब खतरे से बाहर हैं।
4 साल पहले गिरफ्तार हुआ था रवि
एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि रवि को 4 साल पहले 2022 में आर्म्स एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने कथित तौर पर उसके पास से चार पिस्तौलें बरामद की थीं। हमलावरों को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की कई टीमें दिल्ली और हरियाणा में छापेमारी कर रही हैं।
अब तक दोनों गैंग के दो दर्जन से अधिक लोग गंवा चुके जान
गोगी और टिल्लू गैंग एक दशक से भी अधिक समय से एक-दूसरे के खून के प्यासे बने हुए हैं। दोनों गैंग की इस आपसी रंजिश में अब तक दो दर्जन से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। साल 2021 में गोगी गैंग के सरगना जितेंद्र गोगी की रोहिणी कोर्ट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके ठीक एक साल बाद, उसके विरोधी टिल्लू ताजपुरिया की तिहाड़ जेल में हत्या कर दी गई थी। पिछले महीने भी गोगी गैंग से कथित तौर पर जुड़े एक व्यक्ति, साहिल सोलंकी को दिल्ली में उसके घर के पास टहलते समय सिर में गोली मार दी गई थी।




साइन इन