खेत में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से किसान की मौत, बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग
हरियाणा में खेत में काम कर रहे एक किसान की हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका आरोप है कि खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन काफी समय से नीचे लटक रही थी। शिकायत के बावजूद उसे ठीक नहीं किया गया।

हरियाणा में खेत में काम कर रहे एक किसान की हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका आरोप है कि खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन काफी समय से नीचे लटक रही थी। शिकायत के बावजूद उसे ठीक नहीं किया गया।
फर्रुखनगर क्षेत्र के गांव तिरपड़ी में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते एक किसान की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। मृतक के भतीजे ने थाना फर्रुखनगर में शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता राहुल पुत्र कृष्ण निवासी गांव तिरपड़ी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चाचा सुरेंद्र कुमार पुत्र समुद्र सिंह खेती-बाड़ी का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने गांव झुंड सराय के निवासी ओमकार पुत्र छछारी से करीब साढ़े छह एकड़ जमीन बटाई पर लेकर खेती कर रखी थी।
राहुल के अनुसार, 6 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे वह चाचा सुरेंद्र कुमार के साथ खेत में बोई गई गेंहू की फसल की सिंचाई करने गए थे। खेत में स्प्रिंकलर सिस्टम लगा हुआ था, जिसकी पाइप एल्युमिनियम की थी। खेत के ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट की बिजली लाइन बहुत नीचे लटकी हुई थी। जब सुरेंद्र कुमार पाइप लाइन को चेक करने के लिए दूसरी तरफ जा रहे थे तो अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गए और करंट लगने से मौके पर गिर पड़े।
घटना के दौरान वहां से गुजर रही एक कार के चालक की मदद से उन्हें तुरंत एसजीटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन काफी समय से नीचे लटक रही थी। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग को दी जा चुकी थी, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। परिजनों ने पुलिस से मांग की है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।




साइन इन