डॉक्टर गायब, गेट बंद! फरीदाबाद में अस्पताल के बाहर दर्द से तड़पती रही, टॉर्च की रोशनी के सहारे पार्किंग में डिलीवरी
अस्पताल में इमरजेंसी की हालात में ईलाज के लिए न तो डॉक्टर उपलब्ध थे और न ही मेडिकल स्टाफ। परिवार का आरोप है कि जब वे गर्भवती महिला को लेकर पहुंचे और गेट बंद मिला तो कई बार गेट को खटखटाया और तेज तेज आवाज भी लगाई गईं मगर किसी ने भी जवाब नहीं दिया।

फरीदाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिला ने पार्किंग एरिया में ही आधी रात खुले आसमान के नीचे बच्चे को जन्म देना पड़ा। मामला फरीदाबाद के सेक्टर-3 स्थित शिशु स्वास्थ्य केंद्र का है। महिला के परिवार ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के वक्त न तो अस्पताल का मुख्य दरवाजा खुला था और न ही कोई डॉक्टर या नर्स मदद के लिए आगे आए।
दरअसल यह मामला रात 1 बजकर 40 मिनट का है। बडौली गांव की रहने वाली बालेश को शनिवार देर रात अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। 30 बेड क्षमता वाले इस अस्पताल में जब परिवार बच्चे की डिलीवरी करवाने के लिए पहुंचा तो मुख्य एंट्री गेट बंद था। एनडीटीवी के मुताबिक, इस दौरान अस्पताल में इमरजेंसी की हालात में ईलाज के लिए न तो डॉक्टर उपलब्ध थे और न ही मेडिकल स्टाफ। परिवार का आरोप है कि जब वे गर्भवती महिला को लेकर पहुंचे और गेट बंद मिला तो कई बार गेट को खटखटाया और तेज तेज आवाज भी लगाई गईं मगर किसी ने भी जवाब नहीं दिया।
महिला की तबीयत बिगड़ने लगी
तमाम कोशिशों के बावजूद भी जब महिला को अस्पताल में एंट्री नहीं मिली तो तबीयत खराब होता देखा परिवार के लोग आनन-फानन में दूसरे गेट से अंदर ले गए। अस्पताल में घुसने के बावजूद उनकी समस्या कम होने के बजाय और बढ़ गई क्योंकि वहां न तो डॉक्टर समय पर आए और न ही नर्सिंग स्टाफ।
बढ़ता चला जा रहा था महिला का दर्द
गर्भवती महिला का दर्द इस दौरान लगातार बढ़ता चला जा रहा था। ऐसे में गर्भवती के साथ आई एक महिला ने डिलीवरी करवाई। महिला को डिलीवरी करवाने का अनुभव है। डिलीवरी के दौरान परिवार ने कथित तौर पर टॉर्च लाइट का इस्तेमाल किया क्योंकि वहां काफी अंधेरा था। महिला ने एक लड़के को जन्म दिया। मां और नवजात शिशु दोनों को बाद में अस्पताल के भीतर ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कथित लापरवाही के आरोप में दो कर्मचारी निलंबित
महिला के पार्किंग एरिया में बच्चे को जन्म देने की बात पता लगते ही अस्पताल के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए। दो अस्पताल कर्मचारियों को कथित लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन