दिल्ली-फरीदाबाद के बीच नई MEMU रेल सेवा को मंजूरी, जानिए आम ट्रेन से क्या होगा इसमें अलग
MEMU रेलगाड़ियां सामान्यतः 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक की गति से चलती हैं और दैनिक यात्रियों, कर्मचारियों, छात्रों तथा कामकाजी लोगों के लिए किफायती, तेज और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मानी जाती हैं।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली और फरीदाबाद के बीच नई MEMU (मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) रेल सेवा संचालित करने को मंजूरी दे दी है। जिसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस निर्णय को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार जताया है और कहा है कि इससे दिल्ली और फरीदाबाद के बीच हर दिन आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कह कि यह नई रेल सेवा न केवल यात्रियों का समय बचाएगी, बल्कि सड़क यातायात के दबाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन रोजगार, शिक्षा, व्यापार और अन्य कार्यों के लिए दिल्ली आते हैं। लंबे समय से स्थानीय नागरिकों और दैनिक यात्रियों द्वारा अतिरिक्त और सुविधाजनक रेल सेवा की मांग की जा रही थी। मौजूदा परिवहन व्यवस्था पर अत्यधिक दबाव होने के कारण यात्रियों को भीड़, देरी और असुविधा का सामना करना पड़ता था। ऐसे में मेमू (MEMU) रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुलभ और किफायती सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
केंद्र के साथ समन्वय बना काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार आम नागरिकों की रोजाना जरूरतों और यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर लगातार काम कर रही है। डबल इंजन सरकार की कोशिशों से दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में परिवहन एवं कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं को नई गति मिल रही है।
क्या होती हैं मेमू रेलगाड़ी?
मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (MEMU) भारतीय रेलवे की आधुनिक इलेक्ट्रिक यात्री रेल सेवा है, जिसे मुख्य रेल मार्गों पर कम और मध्यम दूरी के दैनिक आवागमन के लिए विकसित किया गया है। यह EMU रेल सेवा का विस्तारित रूप है, जिसका उपयोग शहरों के भीतर नहीं बल्कि शहरों और आसपास के कस्बों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के लिए किया जाता है। इन रेलगाड़ियों में पारंपरिक ट्रेनों की तरह अलग इंजन नहीं होता, बल्कि मोटर कोच ही पूरी ट्रेन को शक्ति प्रदान करते हैं, जिससे ये बार-बार रुकने वाले मार्गों पर अधिक कुशलता से संचालित होती हैं।
क्या हैं MEMU ट्रेन की विशेषताएं
MEMU रेलगाड़ियां सामान्यतः 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक की गति से चलती हैं और दैनिक यात्रियों, कर्मचारियों, छात्रों तथा कामकाजी लोगों के लिए किफायती, तेज और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मानी जाती हैं। इसके साथ ही इनमें यात्रियों के चढ़ने-उतरने की सुविधा अधिक सहज होती है और कम दूरी की यात्रा अपेक्षाकृत तेज, किफायती तथा सुविधाजनक तरीके से होती है। आधुनिक MEMU रेलगाड़ियों में LED लाइट, GPS आधारित पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम, बायो-टॉयलेट, सीसीटीवी कैमरे और ऊर्जा दक्ष तकनीक जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।




साइन इन