'तुम्हारे कीड़े पड़ेंगे, बच्चे भी भुगतेंगे'; फरीदाबाद के अफसरों पर भड़के केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर
Krishan Pal Gurjar Video : फरीदाबाद में नगर निगम के भ्रष्टाचार को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर का गुस्से का एक वीडियो सामने आया है। उन्होंने जिस अंदाज में अफसरों को फटकार लगाई है, वह काफी चर्चा में है। उन्होंने आरोप लगाया कि अफसरों ने शहर को लूट का अड्डा बना दिया है।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने फरीदाबाद नगर निगम के अफसरों को कड़ी फटकार लगा खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि अफसरों ने नगर निगम को ‘लूट का अड्डा’ बना दिया है और इसके लिए सरकार को दोषी ठहराया जाता है। गुर्जर ने अफसरों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता का पैसा डकारने वालों तुम्हें कीड़े पड़ेंगे, तुम ही नहीं तुम्हारे बच्चे भी भुगतेंगे। ऊपर वाला सब देख रहा है। इस बैठक का एक वीडियो भी अब सामने आया है।
मंगलवार को सेक्टर-12 लघु सचिवालय में हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में गुर्जर ने नगर निगम के चीफ इंजीनियर और अन्य अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अनियमितताओं में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। बैठक के इस कथित वीडियो में गुर्जर को यह आरोप लगाते हुए सुना जा सकता है कि ठेकेदारों के माध्यम से नगर निगम की निधि का गबन किया जा रहा है।
खराब सड़कों पर भी जताई नाराजगी
वीडियो में मंत्री कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, "इंटरलॉकिंग टाइल और सीवर के ढक्कनों की खराब गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें आ रही हैं। नगर निगम की बनाई सड़कें अपने निर्धारित उद्देश्य को पूरा करने से पहले ही टूट जा रही हैं। पेड़ लगाने के लिए लाखों के बिल बनाए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर एक भी पेड़ नहीं है। 10 करोड़ रुपये के पेड़ गायब हैं और इन सबका दोष सरकार पर मढ़ा जा रहा है।"
वीडियो में गुर्जर यह कहते हुए नजर आ रहे हैं, "मेरी बात याद रखना, यह जनता का पैसा है। जो पाप की कमाई तुम खा रहे हो, तुम्हें कीड़े पड़ेंगे और तुम्हारी औलादें भी भुगतेंगी। नगर निगम को लूट का अड्डा बना दिया है। ऊपरवाला देख रहा है, तुम्हारी औलादें भुगतेंगी और तुम खुद भुगतोगे।"
जबर्दस्ती किसी का रास्ता नहीं रोका जा सकता : गुर्जर
बैठक में जब मावई गांव के पास सड़क बंद होने का मुद्दा उठाया गया तो मंत्री ने उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी कड़ी फटकार लगाई। गुर्जर ने पूछा कि स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से परामर्श किए बिना सड़क कैसे बंद कर दी गई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी का भी रास्ता जबर्दस्ती नहीं रोका जा सकता। गुर्जर ने नगर निगम कमिश्नर और जिला आयुक्त को जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया।
फरीदाबाद में हो रहे विकास कार्यों की विजिलेंस जांच होगी
फरीदाबाद जिले में हुए विकास कार्यों की विजिलेंस जांच होगी और अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार का खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने 'दिशा' की बैठक में यह आदेश दिए। मंत्री ने बैठक में अतिक्रमण हटाने, अवैध जल कनेक्शन काटने और खराब मैनहोल ढक्कन तुरंत बदलने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने साफ कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम, जिला परिषद और मार्केट कमेटियों द्वारा बनाई गई सड़कों की विजिलेंस जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके लिए वह विजिलेंस विभाग को पत्र लिखेंगे। अधिकारियों को समय सीमा के भीतर सभी विकास कार्य पूरे करने और उनकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सबसे जरूरी है।
अवैध जल कनेक्शन हटेंगे, एफआईआर होगी
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान रैनीवेल परियोजना से लिए गए अवैध जल कनेक्शनों पर कड़ा रुख अपनाया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने एफएमडीए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्विस स्टेशन और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा लिए गए अवैध कनेक्शन तुरंत हटाए जाएं। दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल की कमी नहीं होनी चाहिए और आबादी के अनुसार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था और सीवर सिस्टम पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि टूटे और खराब मैनहोल ढक्कनों को तुरंत बदला जाए ताकि हादसों से बचा जा सके। बैठक में 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा हुई।
अतिक्रमण हटाकर ग्रीन बेल्ट बनाई जाएगी
बैठक में शहर में बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। केंद्रीय राज्य मंत्री ने नगर निगम और एचएसवीपी अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और शहर के मुख्य मार्गों से विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए। खाली कराई गई जमीन पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए वहां ग्रीन बेल्ट विकसित करने को कहा गया। उन्होंने बाजारों में अतिक्रमण हटाने और सौंदर्यीकरण कार्य कराने के भी निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि साफ-सुथरे और व्यवस्थित बाजारों से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।




साइन इन