तुलसी के पौधे के दीये से ऐसी भीषण आग, तीन मंजिल तक फैली लपटें; फरीदाबाद की सोसायटी में हड़कंप
फरीदाबाद के सेक्टर-78 की हैबिटेट सोसायटी में शनिवार शाम को 12वीं मंजिल स्थित फ्लैट में आग लग गई। आग इतनी अधिक भयानक थी कि उसने 13वीं और 14वीं मंजिल के फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें किसी के झुलसने की सूचना नहीं है।

फरीदाबाद के सेक्टर-78 की हैबिटेट सोसायटी में शनिवार शाम को 12वीं मंजिल स्थित फ्लैट में आग लग गई। आग इतनी अधिक भयानक थी कि उसने 13वीं और 14वीं मंजिल के फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें किसी के झुलसने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार रात करीब आठ बजे 12वें फ्लोर के एक फ्लैट में आग लगी। उस समय फ्लैट मालिक परिवार सहित बाहर गया हुआ था। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि फ्लैट के बाहर रखे तुलसी के पौधे में जलाए गए दीये के ऊपर कोई पर्दा आकर गिर गया था। इससे आग फैलती चली गई। पर्दों में आग लगते ही लपटें तेजी से फैल गईं और ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गईं।
आग की चपेट में कई फ्लैट आ गए, जिनमें रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। धुआं फैलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सोसाइटी के लोगों ने तुरंत अलार्म बजाया और सभी को बाहर निकलने के लिए सतर्क किया। कई निवासी जरूरी सामान लेकर बाहर भागे, जबकि कुछ ने आग बुझाने की कोशिश की। इसी दौरान सोसायटी का ऑटोमेटिक फायर फाइटिंग सिस्टम सक्रिय हो गया, जिससे पानी का छिड़काव शुरू हुआ और आग पर काबू पाने में मदद मिली।
आधे घंटे बाद भी नहीं पहुंची पुलिस
घटना के बाद लोग सुरक्षा के लिए पार्क में इकट्ठे हो गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। चश्मदीद दीपेंद्र ने बताया कि 12वीं मंजिल के फ्लैट में आग लगी हुई थी। फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस सूचना के 10 से 15 मिनट में पहुंच गई थी लेकिन फायर ब्रिगेड आधा घंटे बाद भी नहीं पहुंची थी। फायर ब्रिगेड के आने से पूर्व ही सोसाइटी वालों ने आग पर काबू पा लिया था।
जिला अग्निशमन अधिकारी राकेश कुमार ने कहा, सोसायटी की 12वीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में आग लगी थी। जिससे आग उस फ्लैट के साथ 13, 14 मंजिल तक पहुंच है। अग्निशमन विभाग की गाड़ी पहुंचने से पहले ही आग बुझ चुकी थी।




साइन इन