फरीदाबाद के स्कूलों में रीलबाजी बैन, शिक्षा विभाग का कड़ा आदेश, उल्लंघन पर...
फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने के लिए पढ़ाई के दौरान रील या वीडियो बनाने पर रोक लगा दी गई है। उल्लंघन करने पर अब स्कूल प्रमुख के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

कफरीदाबाद के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई के दौरान रील या वीडियो बनाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ने स्कूलों में अनुशासन और शैक्षणिक गरिमा बनाए रखने के लिए यह कड़ा आदेश जारी किया है। यह नियम छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों सभी पर लागू होगा। प्रशासन का मानना है कि कक्षा में रील बनाने से पढ़ाई का माहौल खराब होता है। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रीलबाजी पर रोक
हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सभी सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई के दौरान रील या वीडियो बनाना मना है। फरीदाबाद के प्राथमिक शिक्षा अधिकारी ने सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो को देखने के बाद यह आदेश दिया है। यह फैसला स्कूलों की मर्यादा और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लिया गया है।
अनुशासन बनाए रखने के लिए आदेश
फरीदाबाद के जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ने कहा कि स्कूलों में अनुशासनपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए यह आदेश जारी किया गया है। विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों के लिए विद्यालय की गरिमा को समझना जरूरी है। विद्यालयों में शैक्षणिक मापदंड बनाए रखने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
आदेशों के उल्लंघन पर…
आदेश में कहा गया है कि कक्षा के समय रील और वीडियो बनाने से शैक्षणिक गतिविधियां पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आदेश में कहा गया है कि स्कूल परिसर में सांस्कृतिक या जागरूकता संबंधी किसी भी विषय पर वीडियो और रील तभी फिल्माए जा सकते हैं, जब संबंधित अधिकारी से अनुमति प्राप्त कर ली गई हो। इन आदेशों का उल्लंघन करने पर स्कूल प्रमुख के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी शिक्षिकाओं से पूछताछ
बता दें कि दो शिक्षिकाओं के रील बनाने की घटना सामने आई थी। स्कूल में रील बनाने के मामले में शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की कमेटी ने शिक्षिकाओं से पूछताछ की। शिक्षिकाओं से दो दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। 19 मार्च को धर्शील गौतम ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआइटी नंबर एक और राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय की एक-एक अध्यापिका की शिकायत शिक्षा निदेशालय को दी थी।
जांच के आदेश
तीन दिन पहले जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच के आदेश दिए गए। इस कमेटी की अध्यक्षता जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी बसंत कुमार ढिल्लो कर रहे हैं। शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को दोनों अध्यापिकाओं को तलब किया था। इसके साथ ही कमेटी के सदस्यों ने रील बनाने वाली अध्यापिकाएं अन्य स्टाफ और प्रधानाचार्य से भी पूछताछ की। बता दें कि दोनों मामले में शिकायतकर्ता एक ही हैं। उन्होंने शिकायत में अध्यापिकाओं की रील की कटिंग लगाई है।




साइन इन