म्यूजिक बदलने को कहा तो लड़की को बालों से खींचकर पीटा, फरीदाबाद के क्लब में आधी रात को हंगामा
फरीदाबाद के एक क्लब में आधी रात को डीजे बजाने को लेकर दो गुटों में हाथापाई हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक लड़की को बालों से खींचकर पीटा गया। लड़की के पिता ने बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए क्लब बुक किया था। पुलिस ने दो नामजद लोगों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

फरीदाबाद के एक क्लब में आधी रात को डीजे बजाने को लेकर दो गुटों में हाथापाई हो गई। आरोप है कि इस दौरान एक लड़की को बालों से खींचकर पीटा गया। लड़की के पिता ने बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए क्लब बुक किया था। पुलिस ने दो नामजद लोगों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि ग्रेटर फरीदाबाद में ओमेक्स वर्ल्ड स्ट्रीट पर एक क्लब में पार्टी के दौरान खूब हंगामा हुआ। डीजे सिस्टम पर म्यूजिक बदलने को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। इसके बाद हुई हाथापाई में कथित तौर पर एक युवती को उसके बालों से खींचकर पीटा गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों में से एक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीपीटीपी थाने में दो नामजद लोगों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
दो गुटों के बीच झड़प
इस हाथापाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें एक महिला को दोनों गुटों के बीच सुलह कराने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने इस बात की पुष्टि की कि आपस में जान-पहचान रखने वाले दो गुटों के बीच झड़प हुई थी। हालांकि, उन्होंने इस बात की पुष्टि नहीं की कि क्या लड़की के साथ मारपीट भी हुई थी।
कनाडा में पढ़ती है लड़की
अपनी शिकायत में सेक्टर 21A के एक बिल्डर रमन ग्रोवर ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को अपनी बेटी महक का जन्मदिन मनाने के लिए 'क्लब वायु' बुक किया था। इस क्लब के मालिक नीरज चितकारा हैं, जिनसे ग्रोवर की जान पहचान है। महक कनाडा में अंडरग्रेजुएट की छात्रा है और फिलहाल छुट्टियों पर घर आई हुई है।
ग्रोवर ने बताया कि गुरुवार की आधी रात के आसपास उन्होंने अपनी बेटी और उसकी दो सहेलियों को क्लब पर छोड़ा और फिर घर लौट आए। इसके कुछ ही देर बाद उन्हें अपनी बेटी का फोन आया। बेटी ने बताया कि क्लब में मौजूद कुछ लड़के डीजे सिस्टम पर म्यूजिक बदलने को लेकर हुई बहस के बाद उसके साथ बदतमीजी कर रहे थे।
हीरे की बाली भी छीनने का आरोप
शिकायत के मुताबिक जब वह क्लब पहुंचे तो वैभव अरोड़ा और 10-12 अन्य लड़कों ने ग्रोवर, महक और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने म्यूजिक बदलने के लिए कहा था। वहां मौजूद सिम्मी अरोड़ा की मेरी बेटी से बहस हो गई और उसने मेरी बेटी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को बुलाया, जिन्होंने उनकी बेटी और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। उन्होंने उनकी बेटी की हीरे की बाली भी छीन ली।
कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी
अधिकारियों ने बताया कि वैभव अरोड़ा, ऋषित और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएचओ अरविंद कुमार ने कहा कि दोनों पक्ष क्लब के मालिक को जानते हैं। हम क्लब के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। तथ्यों की पुष्टि के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन