फरीदाबाद में आंधी से घर की दीवार गिरी, बगल में स्कूल की छत टूटने से 10 बच्चे घायल
फरीदाबाद की भारत कॉलोनी स्थित एक प्राइवेट स्कूल में शनिवार सुबह हुई एक दर्दनाक घटना में 10 स्कूली बच्चे घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। उस समय छात्र अपनी क्लास में पढ़ाई कर रहे थे। उन्हें लहूलुहान हालत में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फरीदाबाद की भारत कॉलोनी स्थित एक प्राइवेट स्कूल में शनिवार सुबह हुई एक दर्दनाक घटना में 10 स्कूली बच्चे घायल हो गए। उन्हें लहूलुहान हालत में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर घर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, भारत कॉलोनी में एक मकान की दीवार शनिवार सुबह अचानक से बगल में स्थित हंस मेमोरियल स्कूल के ऊपर जा गिरी। इस घटना में स्कूल की छत टूटने से एक क्लासरूम के अंदर पढ़ रहे 10 बच्चे चोट लगने से घायल हो गए। इस हादसे में चार छात्र गंभीर रूप से घायल हुए, जिनके सिर में चोट आई है। सभी घायलों को बीके अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद छात्रों को घर भेज दिया गया।
हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। उस समय छात्र अपनी क्लास में पढ़ाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि स्कूल के बगल में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। सुबह तेज आंधी आने के बाद मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से उसके मलबे की चपेट में कई छात्र आ गए।
घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षक और आसपास के लोग तुरंत बच्चों की मदद के लिए पहुंचे। घायल बच्चों को तुरंत बीके अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी बच्चों का प्राथमिक इलाज किया।
स्कूल के पास निर्माण पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन दीवार करीब चार इंच की थी, जो कमजोर होने के कारण गिर गई। उन्होंने बताया कि स्कूल के साथ बन रहे मकान के निर्माण में सुरक्षा और मजबूती के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। लोगों ने मकान के नक्शे और निर्माण गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घनी आबादी और स्कूल के पास इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
हादसे के बाद अभिभावकों ने की कार्रवाई की मांग
अभिभावकों ने जिला प्रशासन से शहर में चल रहे ऐसे निर्माण कार्यों की जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि शहर में कई जगह नियमों को नजरअंदाज कर निर्माण हो रहा है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्कूल प्रबंधन का कहना है कि पास में मकान की दीवार खड़ी की जा रही थी। शनिवार सुबह तेज आंधी आने के बाद दीवार गिर गई। दीवार गिरने से स्कूल के कमरे की छत क्षतिग्रस्त हो गई, जिसकी चपेट में आने से कक्षा में पढ़ रहे छात्र घायल हुए। प्रबंधन का कहना है कि घायल छात्रों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर इलाज दिलाया गया।




साइन इन