फरीदाबाद : 6 साल के बेटे की हत्या कर छाती से बांध ली लाश, फिर खुद भी फंदे से झूल गया बाप
Faridabad Father Killed Son : फरीदाबाद में एक व्यक्ति ने नर्सरी क्लास में पढ़ने वाले अपने 6 साल के मासूम बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद वह बेटे की लाश को अपनी छाती से बांधकर खुद भी वह अपने गले में फंदा लगाकर लटक गया। मृतक व्यक्ति अपने माता-पिता और पत्नी से अलग रहता था।

फरीदाबाद जिले में बल्लभगढ़ के दयालपुर गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने 6 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसकी लाश को अपनी छाती से बांधकर खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति की पहचान सागर (32) के रूप में हुई है, जो दयालपुर गांव के अपने घर में अकेला रहता था। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि उसे जुआ और शराब की लत थी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुश्तैनी घर में अकेला रहता था सागर
पुलिस ने मृतक युवक के पिता के बयान पर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शुरुआती जांच में इसकी वजह मानसिक तनाव बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दयालपुर गांव निवासी सागर अपने पुश्तैनी घर में अकेला रहता था। करीब एक साल पहले उसका पिता रूपचंद अपनी पत्नी मंजू और दूसरे बेटे भारत के साथ गांव मच्छगर में जगबीर के मकान पर किराये पर रहने लगा था। सागर की पत्नी सपना उर्फ नेहा भी उनके साथ रहने लगी थी।
नर्सरी कक्षा में पढ़ता था बेटा
सागर का बेटा रचित नर्सरी कक्षा में पढ़ता था और सागर स्वयं गाड़ी चलाता था। अलग-अलग रहने की वजह घरेलू कलह बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सागर कभी-कभी अपने बेटे रचित को दयालपुर गांव स्थित अपने पुश्तैनी घर में खिलाने के उद्देश्य से लेकर आता था। रविवार सुबह भी वह रचित को अपने साथ दयालपुर गांव लेकर आया था।
देर शाम तक जब सागर अपने बेटे को वापस लेकर पहुंचा तो उसकी पत्नी सपना उर्फ नेहा और मां मंजू ने पड़ोसियों को फोन कर उसके बारे में जानकारी जुटानी शुरू की, लेकिन दरवाजा बंद होने के कारण वे कुछ ज्यादा नहीं बता सके। कई बार आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसी दीवार फांदकर जब घर के अंदर पहुंचे तो वहां सागर को फंदे पर लटका देखकर दंग रह गए।
पड़ोसियों ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाया
पड़ोसियों ने देखा कि बच्चे का शव भी सागर के छाती से बंधा हुआ था। सूचना मिलने पर मृतक सागर की मां मंजू और पत्नी सपना उर्फ नेहा भी अपने पुश्तैनी घर पहुंच गए। लोगों ने बच्चे को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
वारदात के कारणों का खुलासा नहीं
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में ले लिया। उसने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल हत्या और आत्महत्या के कारण का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने सागर के पिता रूपचंद के बयान पर मृतक सागर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही।




साइन इन