गुरुग्राम-फरीदाबाद में 14 तक बढ़ी सफाई कर्मियों की हड़ताल, सड़कों पर लगा कूड़े-गंदगी का अंबार
हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब 14 मई तक के लिए और आगे बढ़ गई है। इस हड़ताल के चलते दोनों शहरों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। वहीं कूड़ा नहीं उठाए जाने से सड़कों पर जगह-जगह गंदगी और कचरे के ढेर लग गए हैं।

दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब 14 मई तक के लिए और आगे बढ़ गई है। इस हड़ताल के चलते दोनों शहरों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। वहीं कूड़ा नहीं उठाए जाने से सड़कों पर जगह-जगह गंदगी और कचरे के ढेर लग गए हैं।
हाथों में थालियां बजाते हुए रोष मार्च निकाला
गुरुग्राम में आंदोलनरत नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर रुख और सख्त करते हुए सोमवार को शहर में उग्र प्रदर्शन किया और कई जगहों पर काम रुकवा दिया। कर्मचारियों ने हाथों में थालियां बजाते हुए शहर में रोष मार्च निकाला। इतना ही नहीं, सफाई कर्मचारियों ने अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए कूड़े से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जेल चौक, नगर निगम के पुराने कार्यालय और पुराने नागरिक अस्पताल की पार्किंग के सामने सड़क पर ही खाली कर दिया। वहीं, सफाई कर्मचारियों द्वारा आम जनता से भी इस जन-आंदोलन में समर्थन देने की अपील की गई। सफाई कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, हड़ताल जारी रहेगी। उनकी मुख्य मांगों में गुरुग्राम के 3480 सफाई कर्मचारियों सहित अन्य पालिकाओं के छंटनीग्रस्त कर्मचारियों को विभागीय रोल पर वापस बहाल करना। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर दर्ज किए गए मुकदमे, चार्जशीट और अन्य दंडात्मक कार्रवाइयों को तुरंत वापस लेना आदि शामिल हैं।
गंदगी से इन इलाकों का बुरा हाल
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से वर्तमान में गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क, शिवाजी नगर, न्यू पालम विहार, रेलवे रोड, ओल्ड रेलवे रोड, पटेल नगर, लक्ष्मण विहार, सुभाष नगर, सुभाष चौक, सीही गांव, खेड़की दौला और कन्हई सहित शहर के सैकड़ों स्थानों पर कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं।
कूड़े के ढेर से बीमारियां फैलने की आशंका
सोहना नगर परिषद सफाई कर्मियों की हड़ताल भी तीन दिन के लिए और बढ़ी दी गई है। बीतें 11 दिनों में तीसरी बार हड़ताल बढ़ाई गई है। सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर में कूड़े के ढेर से बीमारियां फैलने का डर सताने लगा है। कूड़े के ढेर के आगे बाजारों में लोगों को पैदल निकलने के लिए रास्ता तक नहीं मिल रहा है। बाजारों में ऐसा कोई रास्ता, गली या सड़क नहीं बची है, जहां कूड़े-कचरे के ढेर न लगे हों।
सीवर ओवरफ्लो होने से गलियों में बह रही गंदगी
वहीं, फरीदाबाद नगर निगम के सफाई कर्मचारी यूनियन ने भी हड़ताल को तीन दिन और बढ़ाकर 14 मई तक जारी रखने का फैसला लिया है। इससे कूड़ा उठान न होने से सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए। सड़कों पर लगे कचरे के कारण लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। वहीं घरों में गंदगी से बुरा हाल है। सीवर ओवरफ्लो होकर गलियों में बह रहा है, जिससे लोग बेहद परेशान हैं। स्मार्ट सिटी में रोज 860 टन कचरा निकलता है। इसमें से सिर्फ 350 टन कचरा ही निपटाया जाता है। बाकी कहीं और डंप कर दिया जाता है, और कुछ बांधवाड़ी प्लांट तक पहुंचता है। निगम ने प्रतापगढ़ और मवई गांव में कचरा निपटान प्लांट लगाए हैं। लेकिन, दोनों प्लांट अपनी कैपेसिटी पूरी नहीं कर पा रहे हैं। दोनों प्लांटों में क्षमता से काफी कम कचरा पहुंच रहा है। हड़ताल के कारण कई रिहायशी इलाकों में घरों के बाहर कूड़ा जमा होने लगा है।
खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंक रहे लोग
शहर में नियमित कूड़ा उठान बंद होने से लोग मजबूरी में खाली प्लॉटों और सड़क किनारे कूड़ा डाल रहे हैं। गर्मी बढ़ने के साथ कूड़े से उठ रही दुर्गंध ने स्थिति और खराब कर दी है। सेक्टरों, कॉलोनियों और पुराने शहर के कई हिस्सों में लोगों ने सफाई व्यवस्था बहाल कराने की मांग उठाई है। स्थिति केवल कूड़ा उठान तक सीमित नहीं है। सीवर सफाई कार्य प्रभावित होने से कई गलियों में गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे आने-जाने में लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। हालांकि, नगर निगम की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य मार्गों से कुछ स्थानों पर कूड़ा उठाने का काम किया गया, लेकिन अंदरूनी क्षेत्रों में हालात लगातार बिगड़ रहे हैं।
वार्ता न होने से नाराजगी
सरकार की ओर से वार्ता के लिए नहीं बुलाए जाने से नाराज नगरपालिका कर्मचारी संघ ने सफाई और फायर कर्मचारियों की हड़ताल को 14 मई तक तीन दिन और बढ़ाने की घोषणा की गई। संघ ने सरकार पर सफाई कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगायै है। उन्होंने ठेका प्रथा समाप्त करने, सफाई कर्मचारियों की पक्की भर्ती करने और गुरुग्राम में हटाए गए कर्मचारियों को बहाल करने की मांग उठाई।
सफाई कर्मियों ने निगम मुख्यालय के गेट पर डाला कूड़ा
फरीदाबाद नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। सोमवार देर रात नाराज कर्मचारियों ने रात में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से निगम मुख्यालय के गेट के सामने कूड़ा डाल दिया। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। कूड़ा डालने का वीडियो वायरल हो रहा है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। दूसरी ओर, हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित बनी हुई है।




साइन इन