फरीदाबाद में जमीन और घर खरीदना हुआ महंगा, सर्किल रेट 75 प्रतिशत तक बढ़ा
फरीदाबाद में बुधवार से संपत्ति खरीदना महंगा होगा। सरकार ने जिला प्रशासन के प्रस्तावित सर्किल रेट (कलेक्टर रेट) को मंजूरी दे दी है। इसमें 75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। आज से नए रेट लागू होंगे। ग्रेटर फरीदाबाद का इलाका सबसे ज्यादा महंगा होगा।

फरीदाबाद में बुधवार से संपत्ति खरीदना महंगा होगा। सरकार ने जिला प्रशासन के प्रस्तावित सर्किल रेट (कलेक्टर रेट) को मंजूरी दे दी है। इसमें 75 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। आज से नए रेट लागू होंगे। ग्रेटर फरीदाबाद का इलाका सबसे ज्यादा महंगा होगा।
गौरतलब है कि जिला राजस्व विभाग की ओर से जारी प्रस्ताव के तहत नई दरों पर 31 मार्च तक लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इन दरों को लागू किया जा रहा है, जिससे जमीन और फ्लैट की खरीद-फरोख्त महंगी हो जाएगी। नीमका और फरीदपुर में आवासीय रेट 75 फीसदी तक बढ़ाकर 18,000 रुपये से 31,500 रुपये प्रति वर्ग गज किए गए है।
वहीं, सेक्टर-14 और सेक्टर-21ए जैसे पॉश क्षेत्रों में बड़े प्लॉटों पर करीब 60 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ दरें 92,800 रुपये प्रति वर्ग गज तक पहुंच गई हैं। व्यावसायिक संपत्तियों की बात करें तो सेक्टर-16 शहर का सबसे महंगा क्षेत्र होगा। यहां 500 वर्ग गज तक के कमर्शियल प्लॉट के रेट 1.21 लाख रुपये से बढ़ाकर करीब 2.11 लाख रुपये प्रति वर्ग गज होंगे।
फ्लैट और हाउसिंग बोर्ड पर भी असर
नई दरों का असर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के फ्लैट्स और हाउसिंग बोर्ड की संपत्तियों पर भी पड़ा है। नीमका क्षेत्र के फ्लैट्स में 75 फीसदी तक वृद्धि की गई है, जबकि बड़खल इलाके में विभिन्न मंजिलों पर 30 फीसदी तक बढ़ोतरी की गई। हाउसिंग बोर्ड के सामान्य फ्लैट्स की दरें बढ़कर करीब 8190 रुपये प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गए हैं।
12 सेक्टर विकसित होंगे
मास्टर प्लान 2031 के तहत जिले में 12 नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे, जिनके लिए 19 गांवों की करीब 4500 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जानी है। इनमें सेक्टर 94ए, 96, 96ए, 97ए, 99 से 103 और 140 से 142 शामिल हैं। सेक्टर-100 को कमर्शियल हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके लिए जमीन की जरूरत होगी।
ग्रामीण इलाकों में भी तेजी
सिर्फ शहरी ही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी जमीन के दाम तेजी से बढ़े है। खेड़ी कलां, खेड़ी खुर्द, कोट और मिर्जापुर जैसे क्षेत्रों में 60 से 75 फीसदी तक वृद्धि हुई है। बल्लभगढ़ की घनी कॉलोनियों में भी रेट में बड़ा उछाल देखने को मिला है, जहां भीकम, सुभाष और चावला कॉलोनी में दरें काफी बढ़ाई गई हैं।




साइन इन