फरीदाबाद वालों के लिए बड़ी राहत, तिगांव-मंझावली रूट पर फिर शुरू होगी बस सेवा
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में तिगांव से मंझावली के बीच लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क अब नए रूप में तैयार हो गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में तिगांव से मंझावली के बीच लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़क अब नए रूप में तैयार हो गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। सड़क निर्माण पूरा होते ही बंद पड़ी सिटी बस सेवा को दोबारा शुरू करने की कवायद तेज हो गई है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई इस सड़क के तैयार होने से तिगांव, मंझावली और आसपास के कई गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले इस मार्ग की हालत बेहद खराब थी और जगह-जगह गड्ढों के कारण आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
इन रूटों पर बंद की गई थीं बसें
सड़क निर्माण के चलते 909 और 916 रूट की सिटी बसों को बंद कर दिया गया था, जिससे यात्रियों के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही थीं। अब सड़क बनने के बाद बस सेवा फिर से शुरू होने की उम्मीद जगी है। सिटी बस विभाग के अनुसार, मंगलवार को टीम द्वारा पूरे रूट का सर्वे किया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट संतोषजनक मिलने पर दोनों रूटों पर बसों का संचालन दोबारा शुरू होगा।
बसों का रूट बढ़ेगा
सिटी बस इंचार्ज अंकित के मुताबिक, 916 रूट बल्लभगढ़ से चांदपुर और 909 रूट बल्लभगढ़ से मंझावली तक संचालित की जाएंगी। पहले ये बसें केवल तिगांव तक ही सीमित थीं। सड़क तैयार होने से अब क्षेत्र के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ सुरक्षित और सुगम सफर की सुविधा मिलने की उम्मीद है। बस सेवा फिर शुरू होने से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी।




साइन इन