फरीदाबाद में डंपर की चपेट में आकर मां-बाप और बेटे की मौत, 4 बेटियों का छिना सहारा
Faridabad road accident: तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर दंपति और उनके इकलौते बेटे की मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार की बची हुई बेटियों के सामने जीवन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। जिस घर में मेहनत-मजदूरी कर दो वक्त की रोटी जुटाई जाती थी, वहां अब मातम और अनिश्चितता का माहौल है।

Faridabad road accident: फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक गरीब मजदूर परिवार की पूरी जिंदगी पलभर में उजाड़ दी। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर दंपति और उनके इकलौते बेटे की मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार की बची हुई बेटियों के सामने जीवन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। जिस घर में मेहनत-मजदूरी कर दो वक्त की रोटी जुटाई जाती थी, वहां अब मातम और अनिश्चितता का माहौल है।
मध्य प्रदेश से आकर कर रहा था मजदूरी
मृतक काशीराम (44), उसकी पत्नी अंगूरी (42) और बेटा विशाल (16) मूल रूप से मध्य प्रदेश के जिला टीकमगढ़ के गांव डरडोरा के निवासी थे। रोजगार की तलाश में काशीराम अपने परिवार के साथ बल्लभगढ़ के आईएमटी क्षेत्र में आकर बस गया था। यहां वह झुग्गियों में रहकर मजदूरी करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
चार बेटियों का सहारा छिना, इकलौते बेटे की भी मौत
परिवार में काशीराम की चार बेटियां और एक बेटा था। जयंती, ज्योति और राधा की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बेटी प्रियंका (15) गांव में रहकर पढ़ाई कर रही है। हादसे में बेटे विशाल की मौत ने परिवार की आखिरी उम्मीद भी खत्म कर दी, क्योंकि वह इकलौता बेटा था और भविष्य में परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी।
बेहतर भविष्य का सपना हुआ चकनाचूर
परिजनों के अनुसार, काशीराम अपने बेटे को पढ़ा-लिखाकर एक बेहतर जीवन देना चाहता था। वह नहीं चाहता था कि उसका बेटा भी मजदूरी करे, बल्कि कुछ अच्छा कर परिवार को संभाले। लेकिन एक हादसे ने उसके सभी सपनों को खत्म कर दिया।
रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर मिलते ही गांव और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई। काशीराम का जीजा घनश्याम और उसकी पत्नी उषा, जो आईएमटी क्षेत्र में ही मजदूरी करते हैं, मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि काशीराम बेहद मेहनती और जिम्मेदार व्यक्ति था, जो हर हाल में अपने परिवार को संभालता था। अब इस घटना के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है।
एसीपी का बयान
एसीपी अशोक कुमार ने बताया कि हादसे के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन से मदद की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि बची हुई बेटियों का भविष्य सुरक्षित हो सके। लोगों का कहना है कि आईएमटी क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।




साइन इन