गाजियाबाद में पुलिस का एनकाउंटर, क्रॉस फायरिंग में 2 को गोली मारी; 5 बदमाश दबोचे
Encounter in Ghaziabad: गाजियाबाद में बुधवार तड़के पशु तस्करों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। क्रॉस फायरिंग में दो को गोली लगी है। पुलिस ने हथियारों, तमंचों के साथ पांच बदमाश दबोचे हैं।

Encounter in Ghaziabad: गाजियाबाद में में बुधवार तड़के पुलिस और पशु कटान करने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि उनके तीन साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से तमंचे, कारतूस और पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं। घटना क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बीते तीन मार्च को प्रतिबंधित पशु के कटान की घटना को अंजाम देने वाला गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है और क्षेत्र में वारदात की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बना दिए। एबीईएस कट और चिपियाना अंडरपास के पास पुलिस बल तैनात कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश
एसीपी के मुताबिक चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध होंडा सिटी कार को रुकने का इशारा किया तो कार सवार बदमाशों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे पीछे मोड़ लिया और चिपियाना अंडरपास की ओर तेजी से भागने लगे। वहां पहले से मौजूद पुलिस बल को देखकर बदमाशों ने कार को कच्चे रास्ते पर उतार दिया और भागने की कोशिश की।
खुद को चारों तरफ से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े।
दो के पैर में गोली लगी, तीन अन्य गिरफ्तार
एसीपी के मुताबिक घायल बदमाशों की पहचान मारुफ और अयान के रूप में हुई है। इनके अलावा उनके तीन अन्य साथियों जोहिन, आलम और समीर को पुलिस ने मौके से घेरकर गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, खोखा और जिंदा कारतूस के अलावा पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने कुछ दिन पहले वेवसिटी क्षेत्र और विजयनगर थाना क्षेत्र में एक-एक पशु कटान की घटना को अंजाम देना भी स्वीकार किया है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




साइन इन