गाजियाबाद में घर घुसकर हमले के बाद तनाव, हिंदू संगठनों का हंगामा; पुलिस बोली- DJ है वजह
आरोप है कि मोहल्ले में रहने वाले दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने हथौड़े से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

गाजिाबाद के नंदग्राम थानाक्षेत्र में सोमवार सुबह घर में घुसकर एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोहल्ले में रहने वाले दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने हथौड़े से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।
पीड़ित पक्ष की ओर से रितिक सिंह ने नंदग्राम थाने में ताहिर, राशिद, सलमान व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में रितिक सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह मोहल्ले में रहने वाले ताहिर, राशिद, सलमान और उनके कुछ साथी उनके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने घर में मौजूद उनके भाई, माता, पिता और बहन के साथ मारपीट शुरू कर दी और हथौड़े से हमला कर दिया।
हमले में उनकी बहन और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि वह उन्हें यहां नहीं रहने देंगे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। रितिक सिंह के मुताबिक घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, घटना की सूचना काफी संख्या में लोग नंदग्राम थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए।
डीजे बजाने को लेकर हुआ था विवाद
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद झगड़ा बढ़ गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई है, जिसमें कुछ लोग मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई भी की गई है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदू संगठन ने हंगामा किया
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार देर शाम हिंदू संगठन के कार्यकर्ता नंदग्राम थाने पर एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। हंगामा की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों ने तत्काल मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद हंगामा कर रहे लोग शांत हुए।




साइन इन