CBSE की बोर्ड परीक्षाओं के बीच दिल्ली मेट्रो ने उठाए खास कदम, कार्ड दिखाते ही स्टूडेंट्स को मिलेंगे ये फायदे
सीबीएसई की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं, जिनमें देश-विदेश के 46 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 10 मार्च को खत्म होंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक चलेंगी।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए CBSE की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं को फ्रिस्किंग (तलाशी) और टिकटिंग में प्राथमिकता देने का फैसला किया है। DMRC ने शुक्रवार को इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर की एक पोस्ट करते हुए जानकारी दी। अपनी पोस्ट में DMRC ने बताया कि परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं की यात्रा को आसान और बिना परेशानी वाली बनाने के लिए उसने खास व्यवस्था की है। इस दौरान परीक्षा का एडमिट कार्ड दिखाने पर उन्हें प्राथमिकता मिलेगी। DMRC ने बताया कि परीक्षा के दिन लाखों परीक्षार्थी शहर में यहां से वहां आते-जाते हैं, जिसे देखते हुए उसने यह फैसला लिया है। CBSE बोर्ड की 10वीं और 12वीं की इस साल की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं और 10 अप्रैल तक चलेंगी।
इस बारे में शेयर की अपनी पोस्ट में DMRC ने लिखा, 'दिल्ली मेट्रो, CBSE बोर्ड एग्जाम 2026 के दौरान स्टूडेंट्स की तलाशी और टिकटिंग में उन्हें प्राथमिकता देगी। इस दौरान दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने परीक्षा देने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए आसान और बिना किसी परेशानी के यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था की है।' आगे उसने बताया कि 'परीक्षा के दिन लाखों स्टूडेंट्स शहर भर में यहां-वहां आते-जाते हैं, ऐसे में शहर में लाखों विद्यार्थियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए, DMRC ने CISF के सहयोग से परीक्षा के दिनों में बढ़ी हुई यात्री संख्या को संभालने के लिए मेट्रो स्टेशनों पर विशेष सुविधा उपाय लागू किए हैं।
स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए DMRC ने उठाए निम्न कदम
* CBSE का प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) साथ रखने वाले विद्यार्थियों को मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच के दौरान प्राथमिकता दी जाएगी।
* जो छात्र-छात्रा CBSE का एडमिट कार्ड दिखाएंगे, उन्हें टिकट ऑफिस मशीन (TOM) और कस्टमर केयर (CC) केंद्रों से टिकट खरीदते समय भी प्राथमिकता दी जाएगी।
* मेट्रो स्टेशनों पर खास सेंट्रलाइज़्ड अनाउंसमेंट किए जाएंगे।
17 फरवरी से शुरू हुई दसवीं व बारहवीं की परीक्षाएं
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं, जिनमें देश-विदेश के 8,000 से अधिक केंद्रों पर 46 लाख से अधिक छात्र शामिल हो रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 10 मार्च को खत्म होंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल तक चलेंगी। बोर्ड ने स्थानीय परिस्थितियों, यातायात और मौसम को ध्यान में रखते हुए छात्रों को सुबह 10 बजे तक परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की सलाह दी है।
CBSE ने कहा- पहली परीक्षा में बैठना अनिवार्य
इसी बीच केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड सोमवार 16 फरवरी को स्पष्ट करते हुए बताया था कि 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए साल में दो बार होने वाली परीक्षा में से पहली बोर्ड परीक्षा में उपस्थित होना अनिवार्य है। सीबीएसई की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यदि कोई छात्र किसी कारणवश प्रथम परीक्षा में तीन या उससे अधिक विषयों में शामिल नहीं होता है, तो उसे द्वितीय बोर्ड परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे विद्यार्थियों को 'अनिवार्य पुनरावृति' श्रेणी में रखा जाएगा और वे अगले वर्ष मुख्य परीक्षा (फरवरी) में ही सम्मिलित हो सकेंगे। बता दें कि सीबीएसई 2026 शैक्षणिक सत्र से कक्षा 10वीं के लिए साल में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया था।




साइन इन