दिल्ली में क्रिकेट को लेकर खून-खराबा; 15 साल के लड़के की मौत, 3 नाबालिग हिरासत में
हिंसक झड़प में गुस्साए लड़कों ने 15 साल के किशोर को इतना मारा-पीटा कि उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार की तहरीर पर शिकायत दर्ज हुई और पुलिस ने 3 नाबालिग आरोपी लड़कों को हिरासत में ले लिया है।

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दो नाबालिग लड़कों में क्रिकेट खेलने को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो बाद में खूनी अंजाम में तब्दील हो गई। हिंसक झड़प में गुस्साए लड़कों ने 15 साल के किशोर को इतना मारा-पीटा कि उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार की तहरीर पर शिकायत दर्ज हुई और पुलिस ने 3 नाबालिग आरोपी लड़कों को हिरासत में ले लिया है।
क्रिकेट खेलने के दौरान हुई थी कहासुनी
पुलिस के अनुसार, सोमवार को एक लोकल पार्क में 12 साल के लड़के और 15 साल के लड़के के बीच क्रिकेट खेलते समय कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। झगड़े के बाद 12 वर्षीय लड़का घर पहुंचा और घटना की जानकारी अपने 17 और 13 वर्षीय चचेरे भाइयों को दी। इसके बाद तीनों नाबालिग पीड़ित किशोर की तलाश में निकले।
सिर और गर्दन में चोटें, किशोर की मौत
शाम करीब 7:22 बजे तीनों ने इलाके में किशोर को घेर लिया। इस दौरान दोबारा झगड़ा हुआ, जिसमें किशोर के सिर और गर्दन पर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
FIR दर्ज, आरोपी नाबालिग पकड़े गए
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में तिलक नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया गया है। आगे की कार्रवाई किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।
मृतक के पिता चाय बेचते हैं
मृतक अपने तीन भाइयों में से एक था और उसके पिता इलाके में चाय बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिजन थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।




साइन इन