दिल्ली-NCR में मौसम के कई रंग; दिन में धूप, दोपहर में बादल और रात में आंधी-बारिश
दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मंगलवार को तेज हवाओं, हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहा। आज यानी बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शाम या रात तक मौसम में बदलाव हो सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मंगलवार को तेज हवाओं, हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहा। आज यानी बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शाम या रात तक मौसम में बदलाव हो सकता है।
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।
शाम तक हल्की बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर का न्यूनतम तापमान आज बुधवार को 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाएं रहेंगे। शाम तक बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। इस दौरान 15 से 20 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल कती है।
7 मई को अधिकतम तापमान 35 से 37 और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 8 मई को यह 35 से 37 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
गाजियाबाद में जाम और जलभराव की समस्या
गाजियाबाद में मंगलवार रात जोरदार बारिश से मौसम सुहावना हो गया। बुधवार को भी बारिश का पूर्वानुमान है। शहर में रविवार और सोमवार की रात भी बारिश हुई थी। बारिश होने से गर्मी से राहत मिली तो कई जगहों पर जाम और जलभराव की समस्या भी हुई। लालकुआं समेत कई स्थानों पर वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। बारिश और तेज हवा के चलते शहर के कई इलाकों में मंगलवार को घंटों बिजली कटौती रही। गर्मी में बिजली कटौती के साथ लोगों ने पेयजल संकट भी झेला।
फरीदाबाद के तापमान में 3 डिग्री की कमी
फरीदाबाद में मंगलवार देर शाम आई बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। करीब आठ बजे बादल छाए और करीब नौ बजे तेज बारिश हुई। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने वातावरण को ठंडा कर दिया, जिससे मौसम और भी सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री की कमी आई, जिससे यह 30 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लगातार तीसरे दिन तापमान में गिरावट के कारण लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अगले दो दिनों तक इसी तरह राहत भरा मौसम बना रहने की संभावना है।
नोएडा में 24 घंटे में पांच मिलीमीटर बारिश
नोएडा में मंगलवार को मौसम लगातार रंग बदलता रहा। दिन में तेज धूप के बाद दोपहर में बादल, फिर धूप और रात में आंधी के साथ बारिश हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया और वायु प्रदूषण में भी कमी आई। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रात करीब सवा आठ बजे आंधी के साथ तेज बारिश हुई। अलग-अलग इलाकों में आधे घंटे से 45 मिनट तक बारिश हुई। नोएडा और ग्रेटर नोएडा का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में पांच मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। अगले छह दिनों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से कम रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।




साइन इन