सिख गुरुओं पर टिप्पणी विवाद: दिल्ली विधानसभा ने पंजाब के DGP समेत अफसरों को किया तलब
विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने पंजाब के डीजीपी समेत कई अधिकारियों को 27 फरवरी को पेश होने का समन जारी किया है।मामला जनवरी में हुई शीतकालीन सत्र की कार्यवाही के एक वीडियो क्लिप से जुड़ा है।

दिल्ली विधानसभा ने सिख गुरुओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विवाद में पंजाब के सीनियर अधिकारियों को तलब किया है। विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने पंजाब के डीजीपी समेत कई अधिकारियों को 27 फरवरी को पेश होने का समन जारी किया है।मामला जनवरी में हुई शीतकालीन सत्र की कार्यवाही के एक वीडियो क्लिप से जुड़ा है।
भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया था कि विपक्ष की नेता आतिशी ने सिख गुरुओं के खिलाफ “अपमानजनक” टिप्पणी की। इसके बाद विवाद बढ़ गया। विधानसभा सचिवालय ने पंजाब सरकार के गृह विभाग के अवर सचिव को पत्र भेजकर अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह-II), पुलिस महानिदेशक (DGP) और जालंधर पुलिस आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने को कहा है, ताकि वे समिति के सामने अपना पक्ष रख सकें।
विवाद के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से जालंधर में वीडियो क्लिप को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी। राज्य की फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट में वीडियो को “डॉक्टर्ड” बताया गया। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के निर्देश पर कराई गई फोरेंसिक जांच में क्लिप को “जेनुइन” बताया गया है। आतिशी ने विशेषाधिकार समिति को दिए जवाब में आरोपों को खारिज किया है और संबंधित दिन की विधानसभा कार्यवाही की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की मांग की है।
सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा को अब तक पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर की कॉपी, राज्य की फोरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी विशेषज्ञों की रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और समिति की अगली सुनवाई अहम मानी जा रही है।




साइन इन