पुलिस को देखकर भागने लगा शेर खान…, जब्त हुई 6 करोड़ की हेरोइन; हिरासत में उगले राज
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 1.022 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। ये ड्रग एनडीपीएस कानून के तहत कॉमर्सियल क्वांटिटी की श्रेणी में आती है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान उर्फ शेर खान (23) के रूप में हुई है, जो पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके का निवासी है।

दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त कर 1 संदिग्ध ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 1.022 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। ये ड्रग एनडीपीएस कानून के तहत कॉमर्सियल क्वांटिटी की श्रेणी में आती है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान उर्फ शेर खान (23) के रूप में हुई है, जो पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके का निवासी है।
आरोपी के पिता पर भी दर्ज केस, भाई हिरासत में
पुलिस का दावा है कि आरोपी ऐसे परिवार से ताल्लुक रखता है, जिसके सदस्यों पर पहले भी नशीले पदार्थ की तस्करी करने के आरोप लगते रहे हैं। उसकी मां पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं और फिलहाल उसे दिल्ली से बाहरी किया गया है। पिता पर भी पहले एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हो चुका है, जबकि बड़ा भाई इसी तरह के मामले में न्यायिक हिरासत में है।
पुलिस को देखकर घबराकर भागने लगा
पुलिस के मुताबिक 20 फरवरी को शाम करीब 3:50 बजे दिलशाद गार्डन इलाके में गश्त के दौरान एक स्कूटर सवार युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। शक के आधार पर पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर स्कूटर के हैंडल से लटक रहे भारी पॉलिथीन बैग में दो पैकेट बरामद हुए, जिनमें भूरा और क्रीम रंग का पाउडर था। फील्ड टेस्टिंग किट से जांच करने पर पदार्थ हेरोइन पाया गया। एक पैकेट का वजन 282 ग्राम और दूसरे का 740 ग्राम निकला।
स्कूटर, ड्रग, सोना… क्या कुछ बरामद हुआ
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह इसे दिल्ली के रघुवीर नगर स्थित एक सप्लायर से लेकर आया था और इसे गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में एक रिसीवर तक पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने मादक पदार्थ, स्कूटर और आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन व करीब पांच ग्राम की सोने की चेन को भी जब्त कर लिया है, जिसे अपराध से अर्जित संपत्ति माना जा रहा है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस गाजियाबाद पुलिस के साथ समन्वय कर सप्लायर और रिसीवर की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।




साइन इन