ट्रैफिक से मिलेगी मुक्ति! कब तक तैयार हो जाएंगे फेज-V के तीन नए कॉरिडोर? DMRC ने दी जानकारी
इस प्रोजेक्ट को लेकर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के प्रबंध निदेशक डॉक्टर विकास कुमार ने जानकारी दी है कि ये प्रोजेक्ट अगल तीन साल में पूरा हो जाएगा। प्रोजेक्ट के तहत कुल 16 किलोमीटर की लंबाई वाले तीन नए कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे।

दिल्ली सरकार ने हाल में मेट्रो फेज-V(ए) के 3 नए कॉरिडोर के विस्तार के लिए 12 हजार चौदह करोड़ की परियोजना मंजूर की है। प्रोजेक्ट के तहत कुल 16 किलोमीटर की लंबाई वाले तीन नए कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे, जिनमें 13 मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे। मेट्रो फेज-V (ए) प्रोजेक्ट में 10 भूमिगत और तीन एलिवेटेड होंगे। वहीं इस प्रोजेक्ट को लेकर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के प्रबंध निदेशक डॉक्टर विकास कुमार ने जानकारी दी है कि ये प्रोजेक्ट अगल तीन साल में पूरा हो जाएगा।
इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में विकास कुमार ने जानकारी दी है कि ‘निर्माण कार्य बहुत जल्द, इसी साल 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। ये काफी चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि फेज-V(ए) को तीन साल के भीतर यानी 2028 के आसपास पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।’

उन्होंने बताया है कि 'सुरंग बनाने के काम में काफी समय लगता है, इसलिए हम डेडलाइन तक प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अलग से प्लानिंग कर रहे हैं। भूमि अधिग्रहण के लिए डीएमआरसी ने भूमि एवं विकास कार्यालय (L&DO) से पहले ही संपर्क कर लिया है।'
आपको बता दें कि मेट्रो फेज-V (ए) और(बी) प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 200 किलोमीटर है जो कि दिल्ली-एनसीआर को कवर करेगा। फेज V(बी) को फिलहाल मंजूरी मिलने के इंतजार है।
पहला कॉरिडोर सेंट्रल विस्टा और ऐतिहासिक क्षेत्रों के बीच
आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक 9.91 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में 9 स्टेशन होंगे और यह लाइन सेंट्रल विस्टा क्षेत्र से होकर गुजरेगी। ये कॉरिडोर राजधानी के प्रशानिक, सांस्कृतिक और एतिहासिक क्षेत्रों को सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा। ये कॉरिडोर सभी कर्तव्य भवनों को आपस में जोड़ेगा।
दूसरा कॉरिडोर साउथ दिल्ली वालों के लिए
दूसरा कॉरिडोर तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक 3.9 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में तीन स्टेशन होंगे और इससे दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली की कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
तीसरा कॉरिडोर हवाई यात्रियों के लिए सौगात
वहीं तीसरा कॉरिडोर एयरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक 2.26 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में एक स्टेशन शामिल होगा। ये कॉरिडोर हवाई यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा जिससे वे एयरपोर्ट तक सीधा पहुंच सकेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन