ट्विशा शर्मा की मौत का सच खंगालेगी CBI, भोपाल भेजी गई टीम; फंदे से लटकी या लटकाई गई?
राज्य सरकार ने शुक्रवार को इस मामले में केंद्र से सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। वहीं सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की स्वत: संज्ञान के तहत सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान बेंच ने कहा है कि इस मामले में निष्पक्ष, स्वतंत्र और तटस्थ जांच होनी चाहिए।

सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा (33) की मौत के मामले की जांच जल्द अपने हाथ में लेगी। एजेंसी ने इसके लिए भोपाल में अपनी एक टीम को भी भेज दिया और जल्द ही राज्य पुलिस जांच, केस से जुड़े सबूत और दस्तावेज एजेंसी को सौंप देगी।
राज्य सरकार ने शुक्रवार को इस मामले में केंद्र से सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। वहीं सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की स्वत: संज्ञान के तहत सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने सुनवाई के दौरान कहा है कि इस मामले में निष्पक्ष, स्वतंत्र और तटस्थ जांच होनी चाहिए।
अलग-अलग धारों में केस दर्ज
ट्विशा के आरोपी पति समर्थ सिंह, सास और रिटायर्ड न्यायाधीश गिरीबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना और हत्या सहित अलग-अलग धारों में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा धारा 80(2), 85 और 3(5) और दहेज प्रताड़ना की धाराएं जोड़ी हैं।
सॉलिसिटर जनरल ने दिया भरोसा
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल की इस दलील पर गौर किया के वे मामले को लेकर अधिकारियों से बात करेंगे ताकि जल्द से जल्द सीबीआई केस को टेकओवर कर सके। पीड़ित परिवार और आरोपियों की ओर से लगातार की जा रही बयानबाजी पर बेंच ने कहा 'हम इस बात पर जोर देना चाहेंगे कि पीड़ित परिवार और आरोपी सार्वजनिक तौर पर बयानबाजी करने के बजाय जांच एजेंसी के सामने अपनी बात रखें जिससे मौजूदा जांच पर कोई पूर्वाग्रह या प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
फंदे से लटका मिला था शव
आपको बता दें कि ट्विशा का शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। उनके परिवार ने उनके ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। वहीं ट्विशा के ससुराल वालों ने दावा किया कि वह ड्रग एडिक्ट थीं। हालांकि ट्विशा के परिवार ने आरोपी पति समर्थ को ड्रग एडिक्ट बताया है।
रविवार को हो चुका दूसरा पोस्टमार्टम
दिल्ली एम्स से भोपाल पहुंची चार डॉक्टरों की एक टीम ने रविवार को ट्विशा पोस्टमार्टम किया। इससे पहले ट्विशा का पोस्टमार्टम भोपाल एम्स में किया गया था जिसपर परिजनों ने एतराज जताया है। ट्विशा के परिवार का कहना है कि ट्विशा की हाईट की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गलत दर्ज की गई है जिससे संदेह पैदा होता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन