दिल्ली का LG बनने पर ट्रंप ने दी थी बधाई, अब जवाब में क्या बोले तरनजीत संधू? बाइडेन का भी किया जिक्र
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, 'दिल्ली के नए उपराज्यपाल बनने पर तरनजीत संधू को बधाई।' ट्रंप के बधाई संदेश पर उपराज्यपाल संधू ने भी प्रतिक्रिया दी है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में पदभार संभालने पर शुक्रवार को तरनजीत संधू को बधाई दी थी। संधू को पांच मार्च को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, 'दिल्ली के नए उपराज्यपाल बनने पर तरनजीत संधू को बधाई।' ट्रंप के बधाई संदेश पर उपराज्यपाल संधू ने भी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं केवल अपना काम कर रहा था। यह निश्चित रूप से संतोष और खुशी की बात है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्वीट में इसे स्वीकार किया। उन्होंने कहा ‘मुझे अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में भेजा गया था। मुझे प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चुना गया था। और अमेरिका और भारत के बीच संबंध दोनों देशों के राष्ट्रीय हित में हैं। प्रधानमंत्री की सोच बहुत स्पष्ट है। उन्होंने कई बार इसे विस्तार से बताया है।’
'मैं केवल अपना काम कर रहा था'
ट्रंप के बधाई संदेश वाले ट्वीट पर दिल्ली के उपराज्यपाल ने कहा ‘मैं केवल अपना काम कर रहा था। यह निश्चित रूप से संतोष और खुशी की बात है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्वीट में इसे स्वीकार किया। लेकिन मैं यह भी उल्लेख करना चाहूंगा कि राष्ट्रपति बाइडेन ने भी अच्छे काम के बारे में बात की है। हम प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में, इस रिश्ते को सफलतापूर्वक एक साझेदारी में बदलने में सक्षम रहे।’
डोनाल्ड ट्रंप ने तारीफ में क्या कहा था?
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्वीट में कहा था कि ‘एक अनुभवी राजनयिक और अमेरिका में पूर्व राजदूत के रूप में तरनजीत संधू ने हमेशा अमेरिका-भारत संबंधों को मजबूत करने के लिए गहरी प्रतिबद्धता दिखाई है। दिल्ली की प्रगति का नेतृत्व करने और वैश्विक संबंधों को आगे बढ़ाने में उनकी सफलता की कामना करता हूं।’
कैसा रहा है तरनजीत संधू का करियर
संधू भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1988 बैच के अधिकारी रहे हैं। वे फरवरी 2020 से जनवरी 2024 तक अमेरिका में भारत के 28वें राजदूत रहे थे। वहीं वे श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संधू अमेरिकी मामलों में अनुभवी भारतीय राजनयिकों में शुमार हैं। संधू जुलाई 2005 से फरवरी 2009 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में भी कार्यरत रहे।
साल 2024 में लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके
संधू 2024 के लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले बीजेपी में शामिल हो गए थे। बीजेपी ने संधू को अमृतसर से लोकसभा का उम्मीदवार बनाया था, मगर वह चुनाव हार गए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन