सोने की तैयारी कर रहा था तरुण का परिवार... बाहर आ धमके 25-30 लोग, पिता की आंखों में चोट तो चाचा के तोड़े हाथ
पुलिस के मुताबिक बुधवार को जेजे कॉलोनी इलाके में एक गुब्बारे को लेकर अलग-अलग समुदायों के दो परिवारों के बीच हुए कथित विवाद के बाद भड़की झड़प में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई।

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय तरुण की मौत हो गई। तरुण डिजिटल मार्केटिंग से जुड़ा एक कोर्स कर रहा था और परिवार को ढेर सारे पैसे कमा कर देना चाहता था। तरुण के परिजनों ने शनिवार को यह जानकारी दी और साथ ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को जेजे कॉलोनी इलाके में एक गुब्बारे को लेकर अलग-अलग समुदायों के दो परिवारों के बीच हुए कथित विवाद के बाद भड़की झड़प में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई। तरुण के पिता के मुताबिक गलती से रंगीन पानी से भरा एक गुब्बारा पड़ोस की एक महिला को जा लगा था जिसे विवाद की शुरुआत हुई। उन्होंने दावा किया, 'होली के दिन रात करीब 11 बजे का समय था और हम सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी वे हम पर हमला करने आए। दिन में एक छोटी बच्ची ने गलती से गुब्बारा गिरा दिया था, जो दूसरे समुदाय की महिला पर गिर गया। उसने इसे बहुत बड़ा मुद्दा बना दिया। हमने उससे माफी भी मांगी थी।'
रिश्तेदारों को बुला लिया
मेमराज के मुताबिक, महिला ने बाद में अपने रिश्तेदारों को बुला लिया, जो कथित तौर पर डंडों से लैस थे। इसके बाद सभी ने मिलकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। उन्होंने पहले हम पर हमला किया और हम अपने घरों की ओर भागे। फिर उन्होंने हमारे दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। वे करीब 10 से 12 लोग थे। हमले के दौरान मेरे भाई को चोटें आईं, उसके सिर में टांके आए हैं और उसके हाथ टूटे हुए हैं। मेरी आंखों में भी चोटें हैं और मेरी पत्नी को भी पीटा गया।'
तरुण होली खेलने बाहर गया था
पिता ने दावा किया कि तरुण होली खेलने बाहर गया था और घर लौटते समय उस पर हमला किया गया। मेरा बेटा अपने दोस्तों के साथ होली खेलने गया था। जब वह वापस आया, तो हमलावर उसका इंतजार कर रहे थे। उन्होंने उस पर बेरहमी से हमला किया और उसे मार डाला।'
मेमराज ने कहा कि उनका बेटा डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स कर रहा था और उसे उम्मीद थी कि वह परिवार का सहारा बनेगा। वह हमारी उम्मीद था। वहीं तरुण के चाचा ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान लोगों के एक बड़े समूह ने उन पर हमला किया था। करीब 25 से 30 लोगों ने हम पर हमला किया। हम केवल तीन लोग थे। गलती से उस महिला पर पानी की कुछ बूंदें गिर गईं और उसने (महिला) इसे बड़ा मुद्दा बना दिया था, उसका कहना था कि उसका रोजा खराब हो गया है।
तरुण के चाचा ने क्या कहा?
तरुण के चाचा ने आरोप लगाया कि ‘जब तरुण घर लौट रहा था, तब उनकी गली के बाहर उसके साथ मारपीट की गई। वह सिर्फ 26 साल का था और पढ़ाई कर रहा था। उसे अंदाजा नहीं था कि क्या हुआ है। उन्होंने उसे गली के बाहर पकड़ लिया और हॉकी स्टिक और डंडों से उसके सिर पर वार किया।’
पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं परिवार
परिवार के सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि वे मामले में अब तक की पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि किसे गिरफ्तार किया गया है और पूरी जांच कैसी चल रही है। आपको बता दें कि पुलिस इस मामले में अबतक चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और आगे की जांच जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन