AAP leader Saurabh Bhardwaj says It is very shameful, If people cannot celebrate Holi in Delhi दिल्ली में हर आदमी रिस्क पर है, अब यहां होली भी नहीं मना सकते; तरुण मर्डर केस को लेकर बोली AAP, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में हर आदमी रिस्क पर है, अब यहां होली भी नहीं मना सकते; तरुण मर्डर केस को लेकर बोली AAP

AAP नेता ने कहा, 'यह बड़े शर्म की बात है भारतीय जनता पार्टी की सरकार के लिए कि आज यहां कोई सुरक्षित नहीं है। ना यहां हिंदू सुरक्षित है, ना यहां ईसाई सुरक्षित है और ना यहां पर गाय सुरक्षित है। यहां पर कोई भी सुरक्षित नहीं है।'

Sat, 7 March 2026 03:02 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में हर आदमी रिस्क पर है, अब यहां होली भी नहीं मना सकते; तरुण मर्डर केस को लेकर बोली AAP

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन रंग के छींटे पड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा किए गए हमले में तरुण नाम के युवक की मौत हो गई थी। इस केस में पुलिस ने एक नाबालिग सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। अब इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी की दिल्ली ईकाई के अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है और कहा है कि दिल्ली अब इतनी असुरक्षित हो गई है कि यहां त्योहार मनाना भी मुश्किल हो गया है। सौरभ ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने दिल्ली की हालत ऐसी कर दी है कि फिलहाल यहां हर आदमी रिस्क पर है। यहां आप गड्ढे में गिर सकते हैं, और त्योहार मनाने पर आपके साथ मारपीट से लेकर आपकी हत्या तक हो सकती है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तम नगर मर्डर केस के बारे में बोलते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'बहुत शर्म की बात है अगर दिल्ली के अंदर लोग होली नहीं खेल सकते, दिल्ली के अंदर लोग क्रिसमस नहीं मना सकते, तो दिल्ली के अंदर आप कर क्या सकते हैं, दिल्ली के अंदर सिर्फ इस धुएं के अंदर आप खांस सकते हैं। सिर्फ ये करने की आजादी है, दिल्ली के अंदर और कोई आजादी नहीं है।

'बीफ के व्यापारी भी यही और गाय के नाम पर वोट भी यही मांग रहे'

आगे उन्होंने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी के समर्थित लोग हमारे साथ घूम-घूमकर कह रहे हैं, कि जी गाय कूड़ा खा रही है, भाजपा की MCD कुछ क्यों नहीं करती। क्योंकि वो कुछ नहीं करना चाहते, क्योंकि इन्हीं के लोगों की वो गायें हैं, इन्हीं के लोग उनका व्यापार कर रहे हैं। बीफ का व्यापार भी यही लोग कर रहे हैं, गाय का व्यापार भी यही लोग कर रहे हैं और उसके नाम पर वोट भी यही लोग मांग रहे हैं। तो आज दिल्ली के अंदर कोई सुरक्षित नहीं बचा।'

'आप गड्डे में गिर सकते हैं, होली मनाने पर हत्या हो सकती है'

आगे दिल्ली की रेखा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, 'रेखा गुप्ता जी ने कहा था ना अपनी रिस्क पर ही दिल्ली में आना, तो उन्होंने वैसी ही दिल्ली बना दी है, जहां हर आदमी अपनी रिस्क पर है, कहीं आप गड्ढे में गिर सकते हैं, कहीं आप त्योहार क्रिसमस मनाने पर आपके साथ मारपीट हो सकती है, होली मनाने पर आपकी हत्या हो सकती है। तो यह बड़े शर्म की बात है भारतीय जनता पार्टी की सरकार के लिए कि आज यहां कोई सुरक्षित नहीं है। ना यहां हिंदू सुरक्षित है, ना यहां ईसाई सुरक्षित है और ना यहां पर गाय सुरक्षित है। यहां पर कोई भी सुरक्षित नहीं है।'

अबतक सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी

उधर उत्तम नगर में होली के दिन दोनों समुदायों के परिवारों के बीच हुई झड़प को लेकर DCP द्वारका कुशल पाल सिंह ने कहा, '4 मार्च को रात करीब 11 बजे घटना की जानकारी मिली और स्पेशल स्टाफ और लोकल पुलिस समेत एक्स्ट्रा स्टाफ मौके पर पहुंचा। पता चला कि दो समुदायों के बीच झड़प हुई थी जिसमें एक तरफ से तीन और दूसरी तरफ से पांच लोग घायल हुए थे। घायलों को PCR और एंबुलेंस से हॉस्पिटल ले जाया गया। ज़्यादातर लोगों को उसी रात डिस्चार्ज कर दिया गया, लेकिन 26 साल के तरुण कुमार एडमिट रहे और 5 मार्च की दोपहर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शुरू में सेक्शन 308 के तहत केस दर्ज किया गया था। उनकी मौत के बाद मर्डर की धारा जोड़ी गई। अब तक सात लोगों को अरेस्ट किया गया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है।'

दिल्ली में होली वाली रात सड़क पर गिरे पानी के गुब्बारे के छींटे लगने पर पड़ोसी परिवार ने हमला कर दिया था, जिसमें 26 वर्षीय तरुण की मौत हो गई थी।

MCD के लोगों पर लगाया गायों का व्यापार करने का आरोप

इससे पहले शनिवार को सुबह किए एक अन्य ट्वीट में सौरभ भारद्वाज ने MCD के लोगों पर गायों के अवैध व्यापार का आरोप लगाते हुए एक वीडियो शेयर किया था और उसके साथ लिखा था, 'MCD वेटरनरी विभाग का अधिकारी बता रहा है कि MCD में ही काम करने वाला कर्मचारी अमित डागर गायों का अवैध व्यापार कर रहा है, सबको पता है फिर भी कोई कार्यवाही नहीं। पुलिस के अधिकारियों के सामने सारी बात हो रही है , नगर सबकी मिलीभगत के चलते कोई कार्यवाही नहीं। इस पोस्ट को दिल्ली की CM, पुलिस कमिश्नर और MCD सभी को टैग किया गया।'

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।