कार-बाइक फूंके, सड़क भी की जाम; उत्तम नगर में तरुण की हत्या के बाद भारी बवाल; देखें VIDEO
दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन मामूली विवाद में 26 वर्षीय तरुण की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद से इलाके में माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। शुक्रवार देर रात बड़ी संख्या में लोग मुख्य आरोपी के घर पहुंच गए और तोड़फोड़-आगजनी को अंजाम दिया।

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन मामूली विवाद में 26 वर्षीय तरुण की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद से इलाके में माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। शुक्रवार देर रात बड़ी संख्या में लोग मुख्य आरोपी के घर पहुंच गए और तोड़फोड़-आगजनी को अंजाम दिया। गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर में घुसकर वहां रखा सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने आरोपियों के घरों के बाहर खड़ी कार और दो बाइकों में आग लगा दी। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया।
लोगों ने आरोपी के घर का फर्नीचर, घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं सड़क पर फेंक दीं। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की।
छावनी बना उत्तम नगर
पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर वहां से हटाया और भीड़ को तितर-बितर किया। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में निगरानी भी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तरुण की हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश है और वे जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी चाहते हैं। वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दोपहर दो बजे वाहनों में आग की सूचना मिली
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम को शुक्रवार दोपहर करीब 2:02 बजे एक कार और बाइक में आग लगने की कॉल मिली। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाई। फायर डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। खबर लिखे जाने तक इलाके में भारी पुलिस बल तैनात था और जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
लाठी और डंडों से हमला कर तरुण की जान ली
अलग-अलग समुदाय में मारपीट की इस घटना में हत्या के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके कारण भारी पुलिस बल को तैनात किया गया। परिवार का आरोप है कि तरुण बेकसूर था। दूसरे समुदाय के लोगों ने महज मामूली विवाद होने पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
अब तक चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तरुण की हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश है, वे जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी चाहते हैं।
बता दें कि, आगजनी की घटना से पहले पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की और थाने में बैठक भी आयोजित की थी। बैठक में लोगों को भरोसा दिलाया गया था कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि, इसके बावजूद लोगों का आक्रोश पूरी तरह शांत नहीं हो सका।




साइन इन