मालवीय नगर अग्निकांड: 4 दिन की पुलिस हिरासत में होटल का मालिक, इन धाराओं में केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने होटल के मालिक को बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी मालिक फरार था। आज कोर्ट ने होटल के मालिक को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करेगी।

मालवीय नगर के भीषण अग्निकांड के मामले में साकेत जिला अदालत ने होटल मालिक और आरोपी लवकेश बजाज को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
न्यायिक मजिस्ट्रेट भानु प्रताप सिंह की अदालत ने दिल्ली पुलिस की उस अर्जी को स्वीकार कर लिया, जिसमें आरोपी से पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत की मांग की गई थी। अदालत ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी से हिरासत में पूछताछ जरूरी है।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इनमें धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), धारा 326(जी) (आग से नुकसान पहुंचाने), धारा 324 (5) (संपत्ति को नुकसान), धारा 125ए ब 125बी और धारा 287 (आग से संबंधित लापरवाही) शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि हिरासत के दौरान आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि हादसे के पीछे लापरवाही या अन्य कोई वजह जिम्मेदार थी या नहीं।
12 विदेशी की भी मौत
कुल मृतकों में 12 लोग विदेशी तो 9 भारतीय थे। सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो मौजूद हैं जिनमें लोगों को अपनी जान बचाने के लिए इमारत से कूदते हुए देखा जा सकता है। कई लोग इस दौरान मदद के लिए चिल्ला रहे थे जिनमें से कई लोगों की मदद स्थानीय लोगों ने भी की। होटल के ठीक सामने मौजूद एक गद्दे की दुकान के मालिक ने तो अपने 20-25 गद्दे होटल के ठीक नीच बिछा दिए थे। बताया जा रहा है कि गद्दों पर कूदकर करीब 8 लोगों की जान बच गई।
सीएम रेखा ने किया अस्पताल का दौरा
भीषण अग्निकांड के बाद साकेत स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की और उनके ईलाज के बारे में जाना। सीएम ने इस दौरान कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उनके ईलाज में किसी भी तरह की कोई नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ दिल्ली सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले के परिजनों को 10 लाख रुपये की मुआवजा देने की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायल लोगों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन