मालवीय नगर अग्निकांड: वापस ली जाएगी ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ पॉलिसी, 21 लोगों की मौत के बाद कपिल मिश्रा का एलान
मालवीय नगर आग हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने फैसला लिया है कि 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' पॉलिसी 2026 (Bed and Breakfast Policy) को वापस लिया जाएगा। पर्यटन विभाग ने इस पॉलिसी के लिए हाल ही में सुधार का प्रस्ताव रखा था।

मालवीय नगर के एक होटल में भीषण आग की घटना के बाद दिल्ली सरकार ने अपनी 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' पॉलिसी 2026 (Bed and Breakfast Policy) को आधिकारिक तौर पर वापस लेने का फैसाल किया है। इसके साथ ही इस स्कीम के तहत दिल्ली में चल रहे सभी होटल और मकानों की जांच करने का भी फैसला लिया गया है। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने यह जानकारी दी है।
मालवीय नगर के जिस होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हुई उसका संचालन 'बी एंड बी' पॉलिसी के तहत ही हो रहा था। फ्लोरिश स्टे के नाम के इस होटल में आग की घटना में जान गंवाने वालों में 11 विदेशी नागरिक भी हैं।
पॉलिसी के तहत लाइसेंस पाने वाले सभी प्रतिष्ठानों की जांच
कपिल मिश्रा ने बताया कि 'हम आधिकारिक तौर पर 'बी एंड बी' पॉलिसी को वापस लेने जा रहे हैं। इसके अलावा इस पॉलिसी के तहत लाइसेंस पाने वाले सभी प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान लाइसेंस के नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। अगर किसी भी इमरात में 6 से ज्यादा कमरों का संचालन पाया गया तो लाइसेंस रद्द किया जाएगा।'
पर्यटन मंत्री ने आगे बताया कि ‘जिस होटल में आग लगी उसे साल 2024 में सिल्वर कैटेगिरी में 6 कमरों के संचालन के लिए लाइसेंस दिया गया था, जो कि 2027 तक वैलिड था।’
होटल कमरों की तय सीमा से चार गुना ज्यादा कमरे
जांचकर्ताओं का कहना है कि यह होटल कमरों की तय सीमा से चार गुना ज्यादा कमरों को मेहमानों को दे रहा था। और होटल के पास अनिवार्य फायर सेफ्टी क्लीयरेंस भी नहीं था। बी एंड बी पॉलिसी के तहत पर्यटन विभाग की भूमिका पर कपिल ने कहा कि ‘पर्यटन विभाग का काम लाइसेंस देना, लाइसेंस को रिन्यू करना और जांच के दौरान नियमों के पालन को देखने तक ही है।’
2023 तक 432 संपत्तियों पर 2,200 से ज्यादा कमरे रजिस्टर्ड
आपको बता दें कि पर्यटन विभाग ने इस पॉलिसी के लिए हाल ही में सुधार का प्रस्ताव रखा था। पिछले महीने ही विभाग ने ड्रॉफ्ट पॉलिसी जारी की थी। ड्रॉफ्ट पॉलिसी में कई सुधारों का सुझाव दिया गया था। इस पॉलिसी में साल 2023 तक 432 संपत्तियों पर 2,200 से ज्यादा कमरे रजिस्टर्ड किया गया था।
होटल का मालिक गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है। होटल मालिक एफआईआर के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस ने इसके बाद लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया था। पुलिस की एक टीम आज शाम को उनके घर भी पहुंची थी मगर वे घर पर नहीं मिले।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन