खिड़की से कूदते लोग… धुआं और चीखें; मालवीय नगर अग्निकांड के वो 5 अनसुलझे सवाल, अबतक क्या-क्या पता लगा?
दिल्ली के मालवीय नगर मे बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि इतने ही घायल बताए जा रहे हैं। कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

Delhi Fire: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में भीषण आग की चपेट में आने से 21 लोगों की मौत हो गई वहीं इतने ही आग में झुलस गए। घायलों को तुरंत आस-पास के अस्पतालों में ईलाज के लिए ले जाया गया है। दमकल विभाग को सुबह साढ़े आठ बजे के आस-पास आग लगने की सूचना मिली थी। आग लगने के बाद कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए इमारत से ही कूद गए।
आग लगने के पीछे क्या कारण हैं इसका फिलहाल पता नहीं लग सका है मगर शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मैक्स अस्पताल के सामने मौजूद इस इमारत में एक होम स्टे था और साथ ही एक रेस्टोरेंट भी मौजूद था।
वो 5 अनसुलझे सवाल
जांचकर्ता ये पता लगाने की कोशिश में जुटे हैं क्या आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट तो नहीं? वहीं इमारत में एक रेस्टोरेंट भी मौजूद था ऐसे में क्या आग लगने की शुरुआत किचन से तो नहीं हुई। इसके अलावा जांचकर्ता ये भी पता लगाने में जुटे हैं कि कहीं को तकनीकी गड़बड़ी आग लगने कारण तो नहीं। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जाएगा कि इमारत में फायर सेफ्टी नियमों का पालन हो रहा था या नहीं। फायर सेफ्टी नियमों के मुताबिक रेस्टोरेंट और होम स्टे में अग्निशामक यंत्र और इमरजेंसी निकास होना अनिवार्य है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत में सिर्फ 6 कमरों के निर्माण की अनुमति थी लेकिन वहां 25 कमरे थे। कुछ कमरे बेसमेंट में भी बनाए गए थे, जिससे सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इमारत में एक दरवाजा ऐसा भी था जहां ताला लगा हुआ था जिससे लोग बाहर नहीं आ सके।
घटना के बाद अबतक क्या-क्या पता लगा?
1. मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें अधिकतर लोग पश्चिम एशियाई और अफ्रीकी देशों के निवासी हैं।
2. हादसे में अबतक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
3. 40 से अधिक लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।
4. बताया जा रहा है कि इमारत का बेसमेंट बाहर से बंद था। ऐसे में रेस्क्यू के लिए ताला तोड़ा गया और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
5. कई ऐसे भी भयावह वीडियो सामने आए हैं जिसमें लोगों को जान बचाने के लिए इमारत की ऊपरी मंजिल से कूदते देखा गया है।
6. दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस ने आग लगने के पीछे क्या वजहें हैं इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
7. माना जा रहा है कि आग के बाद तेजी से फैले घने धुएं में कई लोग फंस गए और उन्हें जान बचाने का मौका ही नहीं मिल सका।
8. मैक्स अस्पताल साकेत की ओर से बताया गया है कि असप्ताल में 39 मरीजों में से 18 मृत अवस्था में लाए गए थे, 15 आईसीयू में भर्ती हैं, जिनमें से 8 मरीज वेंटिलेटर पर हैं और उनकी हालत गंभीर है।
9. स्थानीय बीजेपी एमएलएल सतीश उपाध्याय ने कहा है कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मालिक अगर नियमों का पालन नहीं कर रहा था या अन्य स्तर पर लापरवाही हुई है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
सीएम ने जताया दुख तो मुआवजे का भी एलान
आपको बता दें कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस हादसे पर दुख जताया है तो प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से हादसे में मारे गए परिजनों को मुआवजे का एलान किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन