'कानून का शिकंजा कस चुका है'… शराब घोटाला केस में AAP नेताओं को CM रेखा गुप्ता की खुली चेतावनी
दिल्ली हाई कोर्ट के नोटिस जारी करने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आम आमदी पार्टी पर हमलावर है। उन्होंने एकबार फिर इस मामले में केजरीवाल को घेरने की कोशिश की है। सीएम ने कहा है कि दिल्ली को लूटने वाले बच नहीं सकते।

दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को दिल्ली शराब घोटाला केस में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत 23 आरोपियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इसके हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को मामले की सुनवाई फिलहाल टालने के लिए कहा है। ट्रायल कोर्ट ने 27 फरवरी को सभी 23 आरोपियों इस केस में आरोपमुक्त कर दिया था। इसके बाद सीबीआई ने आरोपियों के बरी होने को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। यानी हाई कोर्ट ने निचली कोर्ट के फैसले पर रोक नहीं लगाई। हालांकि दिल्ली हाई कोर्ट के इस निर्देश के बाद बीजेपी आम आमदी पार्टी पर हमलावर है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी एकबार फिर इस मामले में केजरीवाल को घेरने की कोशिश की है।
सीएम ने कहा है कि हाई कोर्ट का फैसला गुनाहगारों के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने कहा है कि भ्रष्टाचार का हिसाब तो अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों को देना ही पड़ेगा। रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा कि 'आज माननीय दिल्ली हाई कोर्ट का आदेश दिल्ली के गुनाहगारों के लिए बड़ा झटका है। झूठ और फरेब की उम्र बड़ी छोटी होती है। शराब घोटाले के आरोपी अरविंद केजरीवाल जी और इस घोटाले में उनकी पार्टी के साथी आरोपी यह जानते थे, इसलिए जल्दबाज़ी में ढोल पीटने लगे और घड़ियाली आंसू बहाकर अपने पाप धोने लगे।'
सीएम ने आगे कहा 'जिस शराब नीति के जरिए हमारी राजधानी को 'शराब की नगरी' बनाने का पाप किया गया, उस भ्रष्टाचार का हिसाब तो अरविंद केजरीवाल जी और उनके साथियों को देना ही पड़ेगा। माननीय दिल्ली हाई कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित सभी आरोपियों को नोटिस जारी किया है। जांच एजेंसी सीबीआई के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर भी कोर्ट ने रोक लगा दी है। यह स्पष्ट संकेत है कि भ्रष्टाचार के इस खेल में दिल्ली को लूटने वाले बच नहीं सकते। कानून का शिकंजा कस चुका है और सरकारी खजाने की लूट करने वाले हर अपराधी को कानून द्वारा सजा अवश्य मिलेगी।'
आप की ओर से क्या कहा गया है?
बीजेपी और सीबीआई को कोर्ट से फिर तगड़ा झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय पहुंचे। लेकिन यहां भी उन्हें राहत नहीं मिली। दिल्ली हाई कोर्ट ने राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले पर रोक लगाने से साफ इनकार कर दिया। एक बार फिर सच्चाई की जीत हुई।
सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी को जमकर घेरा
आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि 'राउज एवेन्यू कोर्ट ने पाया कि तथाकथित शराब घोटाले का मामला पूरी तरह से फर्जी और मनगढ़ंत था। कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि यह केस सुनवाई के लायक भी नहीं है और सभी आरोपियों को आरोपमुक्त कर दिया। आज इसी मामले में दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन हाई कोर्ट ने राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले पर कोई रोक नहीं लगाई। अब बीजेपी सरकार को डर सता रहा है कि कहीं ईडी का मामला भी कूड़ेदान में न चला जाए।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन