केजरीवाल दोपहर में सरकारी बंगले में शिफ्ट हुए थे, शाम होते-होते राघव दे गए तगड़ा झटका; राज्यसभा में उजड़ गई पार्टी
आप गुजरात में सत्ता पर काबिज होने की संभावना तलाश रही है तो वहीं पंजाब में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है। पार्टी में इतनी बड़ी टूट और राघव जैसे बड़े नेता का अन्य 6 सांसदों संग अलग होना कहीं न कहीं केजरीवाल की टेंशन बढ़ा सकता है।

आम आदमी पार्टी (आप) को शुक्रवार को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने की घोषणा करने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक शुक्रवार शाम को नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचे। यहां पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका स्वागत किया। इस कदम को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए आज (24 अप्रैल) का दिन पहले तो खुशी लेकर आया मगर शाम होते-होते उनकी ये खुशी 'टेंशन' में तब्दील हो गई।
दरअसल अरविंद केजरीवाल आज ही 95, लोधी एस्टेट में केंद्र सरकार द्वारा आवंटित टाइप-7 सरकारी बंगले में शिफ्ट हुए मगर शाम होते-होते राज्यसभा में पार्टी ही उजड़ गई। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। एक्स पर अरविंद केजरीवाल ने लिखा, ‘पिछले दिनों केंद्र सरकार ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक होने के नाते कोर्ट के आदेश पर मुझे घर आवंटित किया था। अपने परिवार के साथ मैं अब उस घर में शिफ्ट हो गया हूं।’
शाम होने से पहले ही झटका
शाम होने से पहले ही आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी से अलग होने का ही एलान कर दिया। राघव ने बकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका एलान किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में चड्ढा के साथ आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक और अशोक मित्तल भी मौजूद थे। केजरीवाल के लिए चिंता की बात यह है कि पार्टी के राज्यसभा में कुल 10 सांसद हैं जिनमें से सात ने बीजेपी में जाने का फैसला लिया है। यह जानकारी खुद राघव ने ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
केजरीवाल की टेंशन बढ़ा सकता है!
आप गुजरात में सत्ता पर काबिज होने की संभावना तलाश रही है तो वहीं पंजाब में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है। पार्टी में इतनी बड़ी टूट और राघव जैसे बड़े नेता का अन्य 6 सांसदों संग अलग होना कहीं न कहीं केजरीवाल की टेंशन बढ़ा सकता है। बहरहाल देखने वाली बात यह होगी कि आम आदमी पार्टी आलाकमान अब आगे क्या कदम उठाता है।
दे दिए थे संकेत
राघव चड्डा ने बीते दिनों ही संकेत दे दिए थे कि वे कोई बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। आप में उनका कद घटाए जाने के बाद से ही चर्चाएं तेज थीं। दरअसल पार्टी ने राघव को राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटा दिया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन