'हमने माफी मांगी, पर वो नहीं मानी...', तरुण के चाचा ने बताया आखिर हुआ क्या था; आरोपियों के घर पर लटका ताला
पुलिस की शुरुआती रिपोर्टों से पता चला कि यह झगड़ा पानी के गुब्बारे से निकले छींटे को लेकर शुरू हुआ था। रिश्तेदारों के मुताबिक, उनकी छत पर मौजूद एक 11 वर्षीय लड़की ने नीचे मौजूद परिवार के सदस्यों पर पानी का गुब्बारा फेंका था।

दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय तरुण की मौत हो गई। तरुण की मौत के बाद से ही इलाके में तनाव है। तरुण की हत्या से लोगों में आक्रोश है। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के घर के बाहर खड़ी एक कार को आग के हवाले कर दिया। इलाके में पुलिस बल तैनात है ताकि किसी भी तरह की तनाव की स्थिति से निपटा जा सके। बुधवार की रात तरुण दोस्तों संग होली सेलिब्रेट करने के लिए घर से बाहर निकला था। पुलिस और परिवार के मुताबिक इसके कुछ घंटों बाद ही पड़ोसियों ने कथित तौर पर उसपर हमला कर दिया और इसके बाद अगले दिन ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस और परिवार के मुताबिक तरुण को लोहे की रॉड, ईंटों, पत्थरों और अन्य चीजों से पीटा गया था।
गुब्बारे से निकले छींटे विवाद की जड़?
पुलिस की शुरुआती रिपोर्टों से पता चला कि यह झगड़ा पानी के गुब्बारे से निकले छींटे को लेकर शुरू हुआ था। तरुण के रिश्तेदारों के मुताबिक, उनकी छत पर मौजूद एक 11 वर्षीय लड़की ने नीचे मौजूद परिवार के सदस्यों पर पानी का गुब्बारा फेंका था, लेकिन वह गलती से सड़क पर गिरा और इसके बाद पड़ोसी परिवार की एक महिला पर रंगीन पानी के छींटे गिर गए।
माफी मांगी लेकिन नहीं मानी
तरुण के चाचा, टेक चंद के मुताबिक जिस महिला पर छींटे गिरे थे हमने उससे माफी भी मांगी थी, लेकिन वह नहीं मानी और अपने रिश्तेदारों को बुला लिया और हमसे झगड़ा करने लगी। टेक चंद ने दावा किया कि मामला शुरू में सुलझ गया था। करीब एक घंटे बाद, तरुण अपने एक दोस्त के साथ होली खेलकर बाइक से लौट रहा था तभी 15-20 लोगों के एक समूह ने उसे रोका और कथित तौर पर लोहे की रॉड, ईंटों, पत्थरों और अन्य चीजों से उस पर हमला कर दिया।
घर पर पसरा मातम
शुक्रवार की सुबह तरुण के घर के गेट पर महिलाएं जमीन पर बैठी रो रही थीं, जबकि रिश्तेदारों का आना-जाना लगा रहा। गली के मुहाने पर, एक छोटे से शिव मंदिर के ठीक सामने आरोपी परिवार का दो मंजिला बड़ा घर है। उसके लोहे के दरवाजे पर ताला लटका था और परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। मंदिर और तरुण के घर के बीच वाली गली के दोनों मुहाने पर पुलिस बैरिकेडिंग है।
इंटीरियर डिजाइनर बनना चाहता था
इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक खबर के मुताबिक तरुण इंटीरियर डिजाइनर बनना चाहता था। तरुण के पिता मेमराज (53) के मुताबिक वे अक्सर कहा करता था कि वह बहुत सारा पैसा कमाना चाहता है और परिवार की मदद करना चाहता है। पिता का कहना है कि आरोपी पड़ोसी इससे पहले भी कई मौकों पर झगड़ा कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि एकबार उनके बहनोई संग भी मारपीट की गई थी। जब वे लड़ते हैं तो दूसरों को भी बुला लेते हैं जिससे लड़ाई बड़ी हो जाती है।
जिमिंग का शौकीन था तरुण
पिता मेमराज के मुताबिक तरुण जिमिंग का शौकीन था। 6 फीट लंबा तरुण अपनी दमदार कदकाठी के वजह से अपने इलाके में काफी मशहूर था। वह उबला हुआ चिकन खाना पसंद करता था और अपनी डाइट का विशेषतौर पर ख्याल रखता था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन