दिल्ली में लहरा रहे 500 विशाल तिरंगे अचानक क्यों उतारे गए? ये है बड़ी वजह
दिल्ली में तेज हवाओं के चलते लोक निर्माण विभाग ने शहर में मौजूद करीब 500 विशाल झंडे हटाने का फैसला लिया है। कई झंडे ऐसे हैं जो कि तेज हवाओं के चलते क्षतिग्रस्त हो चुके थे। झंडे पॉलिएस्टर से बने हैं जो के तेज हवाओं का सामना नहीं कर सके।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने खराब मौसम और तेज हवाओं के कारण फटने या क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें मिलने के बाद दिल्ली भर में लगे सभी 500 विशाल राष्ट्र ध्वज को उतारने का फैसला किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पीडब्ल्यूडी ने दिल्ली में लगभग 500 प्रमुख स्थानों पर विशाल राष्ट्रीय ध्वज फहराए हैं। विभाग के एक अधिकारी ने कहा, 'आईएमडी की आंधी-तूफान की चेतावनी हटने के बाद हम झंडे दोबारा फहराएंगे। तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण कई झंडे फट गए और क्षतिग्रस्त हो गए, इसलिए हमने आगे की क्षति को रोकने के लिए शहर भर के सभी झंडों को उतारने का फैसला किया है।'
पॉलिएस्टर से बने हैं ये झंडे
एक अधिकारी के अनुसार, ये 115 फुट ऊंचे ध्वजदंड लगभग 500 स्थानों पर लगाए गए हैं। झंडों को बार-बार होने वाले नुकसान से बचाने के लिए पॉलिएस्टर सामग्री से बनाया गया है। हालांकि, ये तेज हवाओं का सामना नहीं कर सके।
'देशभक्ति' बजट के तहत लगाए गए
राष्ट्रीय ध्वज फहराने का काम 2022 में शुरू हुआ था जब पिछली आम आदमी सरकार ने अपने 'देशभक्ति' बजट के तहत राष्ट्रवाद की भावना पैदा करने के लिए पूरे शहर में तिरंगे फहराने की पहल की घोषणा की थी।
झंडा क्षतिग्रस्त तो बदल दिए जाएंगे
एक अन्य अधिकारी ने कहा, 'हमारी टीमें मौके पर मौजूद हैं और यह जांच कर रही हैं कि कहीं कोई झंडा क्षतिग्रस्त तो नहीं है। हम उन्हें सही-सलामत झंडों से बदल देंगे, क्योंकि ये बड़े झंडे हैं। इसमें कुछ समय लग रहा है।"
ध्वज संहिता के 2002 के नियमों के तहत
इन झंडों को लगाते समय विभाग ने भारत के ध्वज संहिता के 2002 के नियमों को ध्यान में रखा है, जो राष्ट्रीय ध्वज के प्रदर्शन से संबंधित कानूनों और प्रथाओं से संबंधित हैं। राजधानी में ये झंडे प्रमुख सड़कों के चौराहों पर लगाए गए हैं ताकि हर कोई इन्हें देख सके।
हाल में चलीं तेज हवाएं
मालूम हो कि दिल्ली में हाल में तेज हवाएं चलीं। वहीं नोएडा में तो आंधी-तूफान के चलते कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे तक गिर गए थे।
दिल्ली आज का मौसम कैसा?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। वहीं दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन