मालवीय नगर अग्निकांड: आग लगते ही शटर बंद कर भाग गया था कुक, न ही किया था अलर्ट
मालवीय नगर अग्निकांड में कुल 21 लोगों की मौत हुई थी जिनमें से 12 विदेशी तो 9 भारतीय थे। घायलों का अभी भी अस्पताल में ईलाज चल रहा है। होटल का कुक केशव नेगी संदेह के घेरे में है। जांच में सामने आया है कि वह आग लगते ही शटर बंद कर भाग गया था।

हौजरानी स्थित अवैध होटल ‘फ्लरिश स्टे बेड एंड ब्रेकफास्ट’ (बीएंडबी) में हुए भीषण अग्निकांड की जांच के तहत मालवीय नगर थाना पुलिस ने होटल के रसोइये केशव नेगी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि होटल में आग लगते ही रसोइया शटर बंदकर भाग निकला था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के समय केशव होटल के रेस्त्रां की रसोई में मौजूद था। आरोप है कि इलेक्ट्रिक चूल्हा चालू करते ही तेज आवाज के साथ आग भड़क उठी। इसके बाद उसने न तो कर्मचारियों और मेहमानों को सतर्क किया और न ही बचाव का प्रयास किया, बल्कि बाहर निकल गया। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने बेसमेंट का जालीदार शटर बंद कर दिया था, जिससे वहां मौजूद लोग अंदर फंस गए। दमकलकर्मियों को बेसमेंट से छह शव बरामद हुए थे।
दो दिन की पुलिस रिमांड पर केशव
पुलिस का मानना है कि उसकी लापरवाही आग लगने के संभावित कारणों में शामिल हो सकती है। साकेत अदालत ने केशव को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान उससे और होटल मालिक लवकेश बजाज से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, आग बेसमेंट से शुरू हुई थी।
मजबूत लोहे के जालीदार शटर को तोड़ना पड़ा
मौके पर पहुंची दमकल टीम को सबसे पहले मजबूत लोहे के जालीदार शटर को तोड़ना पड़ा। बचाव उपकरणों से शटर नहीं कट सका और उसे हटाने में 15 मिनट से अधिक समय लग गया। इस देरी के कारण अंदर फंसे लोगों को समय पर नहीं निकाला जा सका। होटल के 22 कमरों में ठहरे कई विदेशी नागरिक कमरों में ही खाना बनाते थे।
फरार मैनेजर जय मिश्रा की तलाश जारी
मामले में होटल मैनेजर और चार्टर्ड अकाउंटेंट जय मिश्रा अब भी फरार है। पुलिस की कई टीमें बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जांच में होटल संचालन से जुड़े कई दस्तावेजों में उसका नाम सामने आया है।
दम घुटने से मौत की आशंका
प्रारंभिक फोरेंसिक जांच में संकेत मिले हैं कि अधिकांश लोगों की मौत जलने से नहीं, बल्कि दम घुटने से हुई। होटल में अग्निशामक यंत्र मौजूद थे, लेकिन उनका उपयोग नहीं किया गया। एफएसएल टीम ने जले हुए तारों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के नमूने जुटाए हैं। जांच में बिजली की ओवरलोडिंग और शॉर्ट सर्किट की संभावना भी सामने आई है। उल्लेखनीय है कि बुधवार को हुए इस अग्निकांड में 21 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 12 विदेशी नागरिक शामिल थे।
गद्दे बिछाकर दस जानें बचाने वाले रियाजुद्दीन सम्मानित : हौजरानी अग्निकांड के दौरान लोगों की जान बचाने वाले रियाजुद्दीन को उनकी बहादुरी और मानवता के लिए सम्मानित किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन