Delhi Metro Expansion PM to Launch Majlis Park Maujpur & Deepali Chowk Majlis Park Corridors दिल्ली को मिलेगी देश की पहली 'रिंग मेट्रो', पीएम मोदी आज करेंगे उद्घाटन; तीन नए कॉरिडोर का भी शिलान्यास, Delhi Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली को मिलेगी देश की पहली 'रिंग मेट्रो', पीएम मोदी आज करेंगे उद्घाटन; तीन नए कॉरिडोर का भी शिलान्यास

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि इन परियोजनाओं से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

Sat, 7 March 2026 07:20 PMMohit हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली को मिलेगी देश की पहली 'रिंग मेट्रो', पीएम मोदी आज करेंगे उद्घाटन; तीन नए कॉरिडोर का भी शिलान्यास

दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा है कि राजधानी में दिल्ली मेट्रो के निरंतर विस्तार से शहर की परिवहन व्यवस्था एक नए चरण में प्रवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि 8 मार्च को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा जिन मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा, वे दिल्ली को तेज, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण बढ़त देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

इन दो कॉरिडोर का होगा उद्घाटन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे, जिनमें मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क सेक्शन (मैजेंटा लाइन) शामिल हैं। मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर के शुरू होने से पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ प्राप्त होगी। इससे राजधानी के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगा और उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का विस्तार है और इसके शुरू होने से इस लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इस कॉरिडोर के माध्यम से कई आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को निर्बाध और समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी।

तीन नए कॉरिडोर का होगा शिलान्यास

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मेट्रो के फेज-V (ए) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर के निर्माण का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक का कॉरिडोर और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक का कॉरिडोर शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली के प्रशासनिक, वाणिज्यिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी और एयरपोर्ट तक मेट्रो की सीधी और तेज पहुंच सुनिश्चित होगी।

एनसीआर को होगा बड़ा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के निवासी वायलेट लाइन के माध्यम से तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन से सीधे इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक यात्रा कर सकेंगे। वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर गोल्डन लाइन के माध्यम से एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट के बजट में ऐतिहासिक वृद्धि

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार ने वर्ष 2025-26 के बजट में सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग के बजट में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। वर्तमान बजट में परिवहन विभाग के लिए 9,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पिछले वर्ष के 5,702 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं को गति देने के लिए इस वर्ष के बजट में 2,929 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मेट्रो कॉरिडोर पर केबल चोरी रोकने निकाला 32 करोड़ का तरीका, जानिए क्या है तैयारी
ये भी पढ़ें:ट्रैफिक से मिलेगी मुक्ति! जानें कब तक तैयार हो जाएंगे फेज-V के तीन नए कॉरिडोर?
ये भी पढ़ें:मेट्रो स्टेशन पर पेशाब वाले वीडियो पर DMRC का पहला बयान, लोगों से की ये अपील

मेट्रो नेटवर्क का निरंतर विस्तार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री जी देश में आधुनिक और एकीकृत परिवहन व्यवस्था विकसित करने पर लगातार जोर देते रहे हैं। उनका लक्ष्य ऐसा सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क विकसित करना है जो साझा, सुलभ, सुविधाजनक, जाम-मुक्त, स्वच्छ और अत्याधुनिक हो। उनके इसी विजन के अनुरूप दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का निरंतर विस्तार किया जा रहा है ताकि राजधानी को आधुनिक, कुशल और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली मिल सके और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत आधार प्राप्त हो।

ट्रैफिक जाम और प्रदूषण दोनों में कमी आएगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य मेट्रो नेटवर्क को इतना व्यापक और मजबूत बनाना है कि राजधानी के नागरिकों को अंतिम छोर तक सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जब लोगों को बेहतर और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिलेगा, तब वे निजी वाहनों पर निर्भरता कम करेंगे, जिससे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण दोनों में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के विजन के अनुरूप सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को निरंतर मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।