दिल्ली में मौसम लेगा यू-टर्न, गरज-चमक के साथ अगले दो दिन बारिश का येलो अलर्ट; 60 की स्पीड से चलेंगी हवाएं
दिल्ली में बीते कुछ दिनों से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है जो कि अगले दो-तीन तक जारी रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने राजधानी में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में बुधवार को तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के लिए राजधानी में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 0.9 डिग्री कम और कल के मुकाबले 1.4 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा और कल के मुकाबले 0.6 डिग्री ज्यादा है।
इसके अलावा अन्य मौसम केंद्र में भी तापमान में मामलू बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। पालम में अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई है जो कि 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गा जो कि कल के मुकाबले 2.8 डिग्री ज्यादा है। रिज में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि कल के मुकाबले 2.1 डिग्री ज्यादा है। वहीं आयानगर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री दर्ज किया गया जो कि कल के मुकाबले 3.5 डिग्री ज्यादा है। यही नहीं दिल्ली के न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। आईएमडी ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
अगले दो दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना
आईएमडी के एक अधिकारी के मुताबिक, राजधानी में अगले दो दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। गुरुवार और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है।'
शनिवार को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी इस तरह का अनुमान जताया है, हालांकि कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। स्काईमेट के वाइस प्रेसिडेंट महेश पहलावत ने बताया कि मध्य पाकिस्तान, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है जिसके चलते अगले तीन दिन बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।'
कल कितना रह सकता है अधिकतम तापमान?
राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। वहीं अगले कुछ दिन न्यूनतम तापमान 27-29 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
कैसी है दिल्ली की हवा?
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) बुधवार को शाम चार बजे बीते 24 घंटों के दौरान 143 यानी 'मध्यम' स्तर पर दर्ज किया गया। सीपीसीबी के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच के AQI को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन