दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, चिलचिलाती गर्मी से राहत; 60 की स्पीड से चलेंगी हवाएं
बारिश की वजह से कई इलाकों में तापमान 7 से 10 डिग्री तक गिर गया, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रात के लिए अलर्ट को 'येलो' से बढ़ाकर 'ऑरेंज' कर दिया है।

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को मौसम ने एकबार फिर करवट ली है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गरज-चमकर के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई है। फरीदाबाद और नोएडा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हुई। वहीं गाजियाबाद में भी तेज बारिश दर्ज की गई है। झमाझम बारिश के वजह से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। उधर अचानक बिगड़े इस मौसम की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर शाम 6 बजे से 9 बजे के बीच 7 फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा, साथ ही कुछ अन्य उड़ानों में भी देरी दर्ज की गई।
इस बारिश की वजह से कई इलाकों में तापमान 7 से 10 डिग्री तक गिर गया, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रात के लिए अलर्ट को 'येलो' से बढ़ाकर 'ऑरेंज' कर दिया है। विभाग ने हल्की बारिश, बिजली कड़कने और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। राहत मिलने से पहले, शुक्रवार का दिन इस साल का सबसे गर्म दिन रहा। सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम, रिज और लोधी रोड जैसे इलाकों में भी तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री ज्यादा रहा।
42 डिग्री तक जा सकता है तापमान
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी और बढ़ेगी। तापमान 41 से 42 डिग्री तक जा सकता है, जिससे कुछ इलाकों में लू चल सकती है। शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
धुंध और बादलों का जमावड़ा
वर्तमान परिस्थितियों की व्याख्या करते हुए मौसम विज्ञानियों ने बताया कि यह धुंध और बादलों का जमावड़ा राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों और पड़ोसी पाकिस्तान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के वजह से देखने को मिल रहा है। इन क्षेत्रों से धूल के कण दिल्ली-एनसीआर की ओर चले आए हैं, नतीजन धूल भरी धुंध की एक परत बन गई है और हवा की गुणवत्ता में गिरावट आई है।'
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कल राजस्थान के गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू और बीकानेर सहित दिल्ली के आसपास के हिस्सों में गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई थी और गुरुवार को भी ऐसी ही स्थिति बनी रही, जिसका असर शहर के मौसम पर पड़ रहा है।
42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है तापमान
स्काईमेट के महेश पालावत ने कहा, ‘अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जो संभावित रूप से 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और इसके कारण कुछ इलाकों में लू की स्थिति बन सकती है।’
वायु गुणवत्ता ‘खराब’
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 241 दर्ज किया गया जो 'खराब' श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के आंकड़ों से पता चला है कि 28 निगरानी स्टेशन ने 'खराब' वायु गुणवत्ता दर्ज की, छह ने 'बहुत खराब' और 11 ने 'मध्यम' स्तर की वायु गुणवत्ता दर्ज की। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन