दिल्ली में मौसम का यू-टर्न, कुछ जगहों पर बूंदाबांदी शुरू; IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
राजधानी दिल्ली में आज फिर एक बार मौसम ने करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार सुबह कई इलाकों में बूंदाबादी देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को राजधानी में आज बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कई स्थानों पर हल्की बारिश तथा दोपहर में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश के आसार हैं।

राजधानी दिल्ली में आज फिर एक बार मौसम ने करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार सुबह कई इलाकों में बूंदाबादी देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को राजधानी में आज बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कई स्थानों पर हल्की बारिश तथा दोपहर में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश के आसार हैं। यही नहीं हवा की गति भी 30 से 40 किलो मीटर प्रति घंटा रह सकती है। शाम को भी हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में जहां मंगलवार की अपेक्षा थोड़ी कमी का अनुमान है, वहीं न्यूनतम तापमान में बढोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने बुधवार को अलग अलग समयों पर दक्षिणी और दक्षिणी पूर्वी हवा चलने की संभावना जताई है। इस बीच अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय हवा कमजोर है। एक पश्चिमी विक्षोभ बुधवार को सक्रिय होगा जिससे मौसम में बदलाव होगा। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को दिन भर हल्के बादल छाए रहे। दोपहर में धूप तेज हो गई और बादल भी छंट गए।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। हालांकि यह सोमवार की अपेक्षा कम था। मौसम विभाग ने सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन बताया। वहीं मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। राजधानी में नमी का अधिकतम स्तर 95 फीसदी दर्ज किया गया।
प्रदूषण के स्तर में मामूली सुधार
वहीं दिल्ली के लोगों को अभी प्रदूषित हवा से राहत मिलती नहीं दिख रही है। हालांकि मंगलवार को प्रदूषण के स्तर में सोमवार की अपेक्षा मामूली सुधार देखा गया। सोमवार को दिल्ली के सोलह निगरानी केन्द्रों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से ऊपर यानी बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई थी वहीं मंगलवार को शाम 6 बजे यह 7 जगहों पर बहुत खराब श्रेणी में थी। सीपीसीबी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को कम दर्ज किया गया। सोमवार को यह 261 पर था लेकिन मंगलवार को यह 249 दर्ज किया गया। हालांकि रविवार को यह सूचकांक 216 के अंक पर रहा था।
मानकों के मुताबिक हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर ही उसे स्वास्थ्यकारी माना जाता है। जबकि, दिल्ली-एनसीआर की हवा में मंगलवार की शाम 5 बजे पीएम 10 का औसत स्तर 224.3 और पीएम 2.5 का औसत स्तर 102.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। हवा में मानकों से लगभग दो गुना ज्यादा प्रदूषक मौजूद है।




साइन इन