दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन, Feb में इतनी गर्मी क्यों? बारिश का येलो अलर्ट
दिल्ली में इस बार फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस हो रही है। सोमवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप से अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री बढ़कर 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Delhi Weather Forecast: दिल्ली में इस बार फरवरी महीने में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। दिल्ली में सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप के कारण दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहले फरवरी में हल्की ठंड रहती थी लेकिन अब कड़ाके की ठंड के बाद सीधे गर्मी का अहसास हो रहा है।
तेज धूप से बढ़ी गर्मी, सीजन का सबसे गर्म दिन
दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार चटख धूप खिली। दिन भर निकली तेज धूप के चलते दिल्ली में अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा हुआ। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से 7.2 डिग्री ज्यादा है। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। पिछले साल 26 फरवरी को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
कितना रहा न्यूनतम तापमान?
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है।आयानगर में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 7.1 डिग्री ज्यादा है। लोधी रोड समेत अन्य इलाकों में भी दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान औसत के आसपास या उससे कम बना रहा। पालम और रिज में न्यूनतम तापमान क्रमशः 11.6 डिग्री और 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से थोड़ा अधिक था।
फरवरी में इतनी गर्मी क्यों?
स्काईमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पालावत बताते हैं कि इस समय हवा की रफ्तार धीमी है। एक पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है लेकिन मौसम शुष्क बना हुआ है। पहाड़ों पर भी मौसम शुष्क होने के कारण वहां से ठंडी हवाएं नहीं आ रही हैं। इसी वजह से दिल्ली का तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है। यही नहीं दिल्ली के मौसम पर जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग का भी असर दिख रहा है। अब सर्दी के तुरंत बाद गर्मी आ रही है।
परसों तेज हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली के मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान जारी किया है। बुधवार को दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान हवा की गति भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हो सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

पलूशन भी बढ़ा
इस बीच हवा की स्पीड धीमी होने से सोमवार को दिल्ली के 16 केंद्रों पर एक्यूआई 300 के पार यानी बहुत खराब श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 261 रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है। रविवार को यह सूचकांक 216 था यानी 24 घंटे में इसमें 45 अंकों की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि दिल्ली एनसीआर में बारिश होने से पलूशन से थोड़ी राहत मिल सकती है।




साइन इन