दिल्ली में गर्मी का सितम; 37 से 39°C तक पहुंच सकता है तापमान, दिखेगी बादलों की आवाजाही
दिल्ली में मार्च की शुरुआत में ही भीषण गर्मी का प्रकोप है तापमान सामान्य से बहुत अधिक दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में यह 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। साथ ही पलूशन भी खराब श्रेणी में बना हुआ है।

दिल्ली में गर्मी का सितम जारी है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। शनिवार को दिल्ली में पिछले 50 वर्षों में मार्च के पहले हफ्ते का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। इस हफ्ते अधिकतम तापमान के 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। वहीं आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। दिल्ली के साथ ही एनसीआर में सोमवार को एक्यूआई 247 अंक दर्ज किया गया जो 'खराब' श्रेणी में आता है। कुल मिलाकर दिल्ली में तापमान के बढ़ने के संकेत हैं।
अधिकतम तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा
रविवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही तेज चमकदार धूप रही। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तीखी और तेज हो गई। दोपहर के समय धूप इतनी तीखी थी कि लोगों को छाया वाली जगहों की तलाश करनी पड़ी। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
दिखेंगे बदरा, 37 से 39 तक जा सकता है अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 9 से लेकर 14 मार्च तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। आगे भी दिल्ली के साथ ही एनसीआर में गर्मी से कोई राहत की उम्मीद नहीं दिख रही है। सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 मार्च यानी बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। इसके बाद 13 और 14 मार्च को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है।
कैसा रहेगा न्यूनतम तापमान?
वहीं दिल्ली में न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव का पैटर्न दिखेगा। दिल्ली में 9, 12, 13 मार्च को न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। वहीं 10 और 11 मार्च को इसके 17 से 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। फिर 14 मार्च को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है। सोमवार को हवा की गति पंद्रह किलोमीटर तक जा सकती है। इसके बाद 14 मार्च तक इसके 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। आवाजाही भी हो सकती है।




साइन इन