दिल्ली में टेम्प्रेचर का टॉर्चर तेज, 45°C पार पहुंचा पारा, अगले 7 दिन रहेंगे भारी
Delhi Weather : दिल्ली में कल छह जगहों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। इतना ही नहीं, दिल्ली में मंगलवार को सीजन का सबसे गर्म दिन और सबसे गर्म रात भी दर्ज की गई।

दिल्ली में गर्मी ने मई में ही लोगों का हाल-बेहाल कर दिया है। मंगलवार को कई इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक लू का अलर्ट जारी किया है। वर्ष 2024 के बाद पहली बार मई महीने में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। 26 से 30 मई 2024 को छह दिन अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा था और इन दिनों में लू की स्थिति थी। मगर इस साल 19 मई को ही लू की स्थिति दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में कुल छह जगहों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। सुबह 10 बजे ही अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था। दिल्ली में मंगलवार को सीजन का सबसे गर्म दिन और सबसे गर्म रात भी दर्ज की गई। सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं रात का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
आज भी लू चलेगी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 7 दिन तक लू चलने की प्रबल संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम पारे में बड़े बदलाव के आसार नहीं है। बुधवार को भी अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
बलूचिस्तान से आ रही हवाएं तपा रहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय गर्म हवाएं पाकिस्तान के बलूचिस्तान और राजस्थान के थार मरुस्थल की ओर से आ रही हैं। इससे दिल्ली-एनसीआर तप रहा है।
गर्म हवा का वार बढ़ेगा
राजधानी में भीषण गर्मी और लू का दौर फिलहाल जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने 20 से 25 मई तक दिल्ली के कई इलाकों में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक तेज धूप, गर्म हवा और अत्यधिक तापमान लोगों को परेशान करेगा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 19 मई इस सीजन का चौथा दिन रहा, जब राजधानी में लू दर्ज की गई। इससे पहले अप्रैल में तीन दिन और मई में एक दिन लू चली थी। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में लू वाले दिनों की संख्या और बढ़ सकती है।
कई इलाकों में तापमान 46 डिग्री के पार
राजधानी के विभिन्न इलाकों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र में सबसे अधिक 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। वहीं लोधी रोड में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक रहा। मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक था।
तेज गर्म हवाएं सता रहीं
मौसम विभाग ने बारिश या पश्चिमी विक्षोभ की संभावना से इनकार किया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार को भी स्थिति में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। आसमान साफ रहेगा और कई इलाकों में लू का असर बना रहेगा। सतही हवाएं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
ग्रैप एक की पाबंदियां लागू
दिल्ली की वायु गुणवत्ता एक बार फिर खराब श्रेणी में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 208 दर्ज किया गया। स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ग्रैप उप-समिति ने पूरे दिल्ली-एनसीआर में तत्काल प्रभाव से ग्रैप के पहले चरण (स्टेज-1) की पाबंदियां लागू कर दी हैं। सीएक्यूएम की बैठक में आईएमडी और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मौसम एवं वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान की समीक्षा की गई।




साइन इन