दिल्ली सहेगी 44°C वाला टॉर्चर, 3 दिन लू का येलो अलर्ट; 27 अप्रैल तक का वेदर अपडेट
दिल्ली में 22 से 24 अप्रैल तक भीषण लू का प्रकोप रहेगा। इसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, 26 अप्रैल से मामूली राहत मिलने की उम्मीद है।
Delhi Mausam: दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में तीन दिनों के लिए लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 22 से 24 अप्रैल के दौरान दिल्ली और NCR के इलाकों में गर्म हवाएं लोगों को बेहाल करेंगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि 26 और 27 अप्रैल को आसमान में हल्के बादल छाए रहने से तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
IMD के अनुसार, 22 अप्रैल को तीखी धूप निकलेगी। दिल्ली के साथ ही NCR में दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज गर्म हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग ने इस दिन लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जाएगा।
23-24 अप्रैल को भी लू का येलो अलर्ट, 44 डिग्री जाएगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 23 और 24 अप्रैल को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में अलग-अलग जगहों पर लू की स्थिति रहेगी। इन दोनों ही दिन लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। दोनों ही दिन लोगों को 44 डिग्री सेल्सियस वाले तापमान का टार्चर सहना पड़ सकता है। दोनों ही दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
26 और 27 अप्रैल को 42 डिग्री तक रहेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 25 अप्रैल को भी दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इसके बाद हल्के बादलों की आवाजाही से तापमान में थोड़ी कमी देखी जाएगी। 26 और 27 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।
कब चलती है लू?
दिल्ली में मंगलवार को सुबह के वक्त सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से लगभग 2.2 डिग्री कम है जबकि पालम में 22.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिकत होता है। हवा शुष्क और गर्म होती है तब लू की स्थिति घोषित की जाती है। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में बनी हुई है। वहीं और एक्यूआई 171 अंक रिकॉर्ड किया गया।




साइन इन