रेगिस्तान सा तपता कोटा, जयपुर में बढ़ा पारा; लू का खतरा गहराया
राजस्थान में गर्मी ने अप्रैल में ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

राजस्थान में गर्मी ने अप्रैल में ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सोमवार को राज्य के 12 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। हैरानी की बात यह रही कि पश्चिमी रेगिस्तानी जिलों बाड़मेर और जैसलमेर से भी ज्यादा गर्म कोटा रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कोटा बना सबसे गर्म शहर
कोटा में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ते हुए लोगों को बेहाल कर दिया। सोमवार को यहां का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री दर्ज किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने हीटवेव प्रभावित मरीजों के लिए 200 बेड का प्री-फैब्रिकेटेड वार्ड तैयार किया है, जिसमें से 50 बेड का संचालन शुरू कर दिया गया है।
बाड़मेर में गर्म रातों ने बढ़ाई परेशानी
जहां दिन में कोटा सबसे गर्म रहा, वहीं रात के तापमान ने बाड़मेर को सबसे ज्यादा तपता शहर बना दिया। यहां न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। फलोदी और आसपास के इलाकों में भी रात के समय गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। दिनभर की झुलसाने वाली धूप के बाद रात में भी गर्म हवाएं लोगों की नींद उड़ा रही हैं।
जयपुर में सामान्य से ऊपर तापमान
राजधानी जयपुर में भी गर्मी ने अपने तेवर दिखाए। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहा। दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम नजर आई।
जोधपुर में लगातार 40 पार पारा
जोधपुर में पिछले कई दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री और न्यूनतम 28.3 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप और साफ मौसम के चलते गर्मी का असर और ज्यादा महसूस किया गया।
अजमेर और उदयपुर में पर्यटन प्रभावित
भीषण गर्मी का असर अब पर्यटन पर भी दिखने लगा है। अजमेर में पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा पसरा रहा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं उदयपुर में दोपहर के समय बाजारों में भीड़ कम रही और लोग छांव की तलाश करते नजर आए। शहर के प्रमुख चौराहों पर वाहनों की आवाजाही भी कम देखी गई।
अलवर में हीटवेव की चेतावनी
अलवर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार दिनों तक जिले में हीटवेव का असर बना रहेगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सीकर में मामूली राहत, पर धूप बरकरार
सीकर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया, जो अन्य जिलों की तुलना में थोड़ा कम रहा। हालांकि तेज धूप का असर पूरे दिन बना रहा। हवा चलने के कारण तापमान में 1.3 डिग्री की मामूली गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली।
मौसम विभाग का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने और हीटवेव चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। ऐसे में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में गर्मी ने अभी से विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी और हीटवेव की चेतावनी ने आमजन और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, ऐसे में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन