दिल्ली में सीजन की पहली ‘गर्म रात’, जानें कितना पहुंचा पारा; आज बारिश से राहत के आसार
मंगलवार सुबह राजधानी में कुछ जगहों पर बारिश और आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी रहा। इसी बीच दिल्ली ने इस सीजन की पहली “गर्म रात” दर्ज की, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया।

नई दिल्ली में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मंगलवार सुबह राजधानी में कुछ जगहों पर बारिश और आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी रहा। इसी बीच दिल्ली ने इस सीजन की पहली “गर्म रात” दर्ज की, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया। मौसम विभाग के अनुसार, कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.6 से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया, जो “वॉर्म नाइट” की श्रेणी में आता है।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान रहा 28.4 डिग्री
स्टेशनवार आंकड़ों की बात करें तो सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है। वहीं पालम में तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा है। हालांकि, मौसम विभाग ने दिन में बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
जानें गर्म रात कब मानी जाती है
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 'गर्म रात' तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना रहे। केंद्रवार आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था।
अन्य इलाकों में तापमान का हाल
पालम में 27.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। लोधी रोड में तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज में सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आयानगर में तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक रहा।
भीषण गर्मी के बीच जानिए AQI का हाल
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। साथ ही, चक्रवाती परिसंचरण के कारण गरज-चमक के साथ बारिश का भी पूर्वानुमान है। इस बीच, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 196 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है।
जानें क्या होता है AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है। Air Quality Index (AQI) हवा की गुणवत्ता मापने का एक पैमाना है। यह बताता है कि हवा कितनी साफ या प्रदूषित है। AQI में PM2.5, PM10, CO, NO₂ जैसे प्रदूषकों को शामिल किया जाता है। कम AQI अच्छी हवा दर्शाता है, जबकि ज्यादा AQI स्वास्थ्य के लिए खतरनाक होता है।
पीटीआई और भाषा के इनपुट शामिल हैं।




साइन इन