जाति के आधार पर इंटरव्यू में फेल करते…, राहुल गांधी के बयान पर DU का पलटवार- पहले फेक्ट चेक करें
आपकी जात क्या है भैया... आप इंटरव्यू में फेल। कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल द्वारा दिए गए इस बयान पर दिल्ली विश्वविद्यालय ने जवाब देते हुए इस आरोप को खारिज किया है।

"आपकी जात क्या है भैया... आप इंटरव्यू में फेल।" कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल द्वारा दिए गए इस बयान पर दिल्ली विश्वविद्यालय ने जवाब देते हुए इस आरोप को खारिज किया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि विश्वविद्यालय में इंटरव्यू के जरिए छात्रों को जाति के आधार पर बाहर किया जाता है। विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा- राहुल गांधी को ऐसा बयान देने से पहले फैक्ट चेक कर लेने चाहिए थे।
UG-PG में एडमिशन के लिए इंटरव्यू अनिवार्य नहीं
दिल्ली विश्वविद्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में स्पष्ट किया- संस्थान में दाखिला मुख्य रूप से कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) के नंबरों के आधार पर होता है। विश्वविद्यालय ने कहा कि अधिकतर यूजी-पीजी कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू अनिवार्य नहीं होता है।
CUET स्कोर से मिलता एडमिशन
विश्वविद्यालय के बयान में कहा गया- “दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्रों को मुख्य रूप से CUET स्कोर के आधार पर एडमिशन दिया जाता है। खास बात ये है कि यूजी-पीजी के ज्यादातर कोर्सों में इंटरव्यू की कोई अनिवार्यता नहीं है। अगर नेता प्रतिपक्ष भर्ती प्रक्रिया, जैसे फैकल्टी नियुक्तियों की बात कर रहे थे, तो हाल के सालों में विश्वविद्यालय ने सभी वर्गों से हजारों टीटरों को हायर किया है।”
नेता प्रतिपक्ष बयान देने से पहले फैक्ट चेक करें
डीयू ने आगे कहा कि इस तरह के कमेंट से विश्वविद्यालय का माहौल प्रभावित होता है। विश्वविद्यालय ने अपने बयान में कहा- “हम इस तरह की टिप्पणियों पर कड़ा एतराज जताते हैं, क्योंकि इससे विश्वविद्यालय में गैर-अनुकूल माहौल बनता है। नेता प्रतिपक्ष को ऐसा बयान देने से पहले फैक्ट चेक कर लेने चाहिए थे।”
राहुल गांधी ने कहां बयान दिया था
दरअसल, राहुल गांधी ने शुक्रवार को लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘संविधान सम्मेलन’ कार्यक्रम में यह टिप्पणी की थी। अपने संबोधन में उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली विश्वविद्यालय में इंटरव्यू का इस्तेमाल छात्रों को बाहर करने के एक तरीके के रूप में किया जाता है।
आपकी जात क्या है भैया... आप इंटरव्यू में फेल
राहुल गांधी ने कहा था, “मैं दिल्ली यूनिवर्सिटी गया था। इंटरव्यू बच्चों को निकालने का तरीका है। आपकी जात क्या है भैया... आप इंटरव्यू में फेल।" अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने RSS पर भी निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया- आप RSS और उसके संगठन की लिस्ट निकालिए, जो उनके प्रचारक हैं- इसके सेंटर में एक भी ओबीसी, दलित या आदिवासी नहीं मिलेगा। ये संविधान के बिल्कुल खिलाफ है।"
डीयू के पूर्व छात्र ने इस मामले में क्या कहा
दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र ने बताया- राहुल गांधी का ये बयान डीयू और अन्य सभी विश्वविद्यालयों में लागू होता है, जहां भी इंटरव्यू होते हैं। पूर्व छात्र का कहना है कि ये बहुत बारीकी से होता है। आपको कई बार पता भी नहीं चलता है। आपको जाति के आधार पर प्रताड़ित भी किया जाएगा।
ऐसा अब सब करने लगे हैं, जानिए क्यों?
आगे कहा- ऐसा नहीं है कि ये केवल एक कम्युनिटी के लोग करते हैं। ऐसा अब सब करने लगे हैं। पहले इसे सो कॉल्ड सवर्ण लोग करते थे, लेकिन अब मैं देख रहा हूं कि कोई एसी वर्ग का प्रोफेसर बन गया है, तो वो अपना बदला पूरा कर रहा है। वो उस लेवल का नहीं कर पा रहा है, लेकिन कर वो भी रहा है।




साइन इन