दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस का ताबड़तोड़ ऐक्शन; 11,800 से अधिक वाहन चालकों पर जुर्माना
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को एक विशेष अभियान चलाकर गलत पार्किंग और गलत दिशा में गाड़ी चलाने वाले 11,800 से अधिक लोगों पर जुर्माना लगाया। पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने हाल ही में राजधानी की सड़कों पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए तीन घंटे का एक स्पेशल अभियान चलाया। इस सघन कार्रवाई के दौरान कुल 11,800 से अधिक वाहन चालकों के चालान काटे गए। पुलिस का मुख्य ध्यान गलत पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर था क्योंकि इनसे अक्सर बड़े हादसे और जाम लगते हैं। आंकड़ों के अनुसार; 8,500 से ज्यादा लोगों पर गलत पार्किंग और 3,500 से अधिक पर गलत दिशा में गाड़ी चलाने के लिए जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने आगे भी ऐसे सख्त अभियान जारी रखने की बात कही है।
महज 3 घंटे में 11,800 से अधिक वाहन चालकों पर जुर्माना
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि अभियान पूरे शहर में चलाया गया। दिल्ली ट्रैफिक महज तीन घंटे के इस स्पेशल अभियान के दौरान 11,800 से अधिक वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया। अभियान का मकसद गलत पार्किंग और गलत दिशा में गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई करना था।
अधिकारियों ने बताया कि यह सघन अभियान शनिवार को सभी ट्रैफिक रेंज और जिलों में चलाया गया। अभियान का मकसद ट्रैफिक जाम को कम करना और सड़कों पर सुरक्षा बढ़ाना था। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने दो मुख्य वजहों पर फोकस किया जिनकी वजह से अक्सर दिल्ली में ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाएं होती हैं।
अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान, 8,500 से अधिक वाहन चालकों पर गलत या ट्रैफिक में रुकावट डालने वाली पार्किंग के लिए केस दर्ज किया गया। जांच टीमों ने नो-पार्किंग जोन, चौराहों के पास, फुटपाथों पर और व्यस्त सड़कों एवं बाजारों में पार्क किए गए वाहनों को निशाना बनाया गया। इनमें से कई वाहनों को टो करके हटाया गया।
यही नहीं 3,500 से अधिक वाहन चालकों पर गलत दिशा में गाड़ी चलाने के लिए कार्रवाई की गई। इस अभियान के लिए दुर्घटना की अधिक संभावना वाले इलाकों, मुख्य सड़कों और उन जगहों पर विशेष टीमें तैनात की गईं जहां अक्सर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होता रहा है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस बोली- आगे भी चलेगा अभियान
पुलिस ने बताया कि अभियान में सभी तरह के वाहनों पर कार्रवाई की गई। एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) विजयांता गोयल आर्य ने कहा कि इस तरह के नियमों के उल्लंघन न केवल ट्रैफिक की आवाजाही में रुकावट डालते हैं वरन आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते हैं।पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने और लोगों में जागरूकता फैलाने के उपायों के तहत इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




साइन इन